पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर में विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना को लेकर पीठ पूजन का कार्य शुरू हो चुका है। परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमर चुकी है। श्रद्धालु हर-हर महादेव और जय श्री राम का नारा लगा रहे हैं। इधर, इस ऐतिहासिक अनुष्ठान में महावीर मंदिर न्यास के सचिव शायन कुणाल और उनकी पत्नी, सांसद शांभवी चौधरी, जजमान की भूमिका निभा रहे हैं।
विश्व के सबसे बड़े शिवलिंग की स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 12 बजे कैथवलिया में उतरने की संभावना है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मंगल गीतों से गूंज रहा परिसर, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
पीठ पूजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास का इलाका भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। हजारों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। महिलाएं मंगल गीत गा रही हैं, वहीं हर कोई इस दुर्लभ और ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनकर पुण्य का भागी बनने की कामना कर रहा है। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया है।