नया पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। यही नहीं मौजूदा सिस्टम के सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी संभव है। इससे उत्तर पश्चिमी भारत के मौसम में भी बदलाव आएगा। उत्तर पश्चिमी भारत में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना है। इसका दिल्ली के मौसम पर भी असर देखा जाएगा।
मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में दिन के वक्त तेज सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। दिल्ली में हवा की गति 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इस दिन सुबह के समय विभिन्न जगहों पर हल्की धुंध भी देखी जा सकती है।
पहाड़ों पर दस्तक देगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने 8 फरवरी की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में 12 फरवरी तक आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही का अनुमान है। मौसम विभाग ने 7, 8 और 10 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। 11 और 12 फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
दिखेगा हल्का कोहरा, बढ़ेगा तापमान
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में 10 फरवरी से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। यही नहीं 11 फरवरी से दिल्ली में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 9 से लेकर 12 फरवरी तक सुबह के वक्त अधिकांश जगहों पर हल्का कोहरा जबकि कुछ जगहों पर मध्यम कोहरा भी नजर आ सकता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.