Betia Hospital Incident: GMCH बेतिया में दीदी की रसोई में जीविका दीदियों पर जूनियर डॉक्टरों द्वारा हमला का आरोप लगा है. इसमें कई घायल हुईं. इसके बाद दीदियों ने रसोई बंद कर दी. इसके बाद मामला जब तुल पकड़ा तो डीएम तरनजोत सिंह ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया.
जूनियर डॉक्टरों पर हमला का आरोप
जानकारी के अनुसार, GMCH में दीदी की रसोई में काम कर रही जीविका दीदियों पर जूनियर डॉक्टरों ने हमला किया. जिसमें करीब आधा दर्जन जीविका दीदियां घायल हो गईं. जिन्हें अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है. इसके अलावा रसोई में काम करने वाले अन्य स्टाफ को भी चोटें आई हैं.
पहले दिया ऑर्डर, फिर किसा कैंसल
पीड़ित जीविका दीदी चिंता देवी ने बताया कि कुछ जूनियर डॉक्टर रसोई में खाना खाने आए थे. इस दौरान उन्होंने दही और आमलेट का ऑर्डर दिया. ऑर्डर तैयार होने के बाद डॉक्टरों ने दही लेने से इनकार कर दिया. जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के बाद जूनियर डॉक्टरों ने जीविका दीदियों के साथ बदतमीजी और गाली-गलौज शुरू कर दी.
50-60 की संख्या में पहुंचे जूनियर डॉक्टर
स्थिति तब और बिगड़ गई जब करीब 50 से 60 की संख्या में जूनियर डॉक्टर दीदी की रसोई में पहुंचे और हमला कर दिया. जीविका दीदियों के साथ जमकर मारपीट की गई. आरोप है कि इस दौरान महिलाओं के गहने और मंगलसूत्र तक तोड़ दिए गए. अचानक हुए इस हमले से रसोई में काम कर रही महिलाएं दहशत में आ गईं.
घायल दीदियों का इलाज जारी
घटना के बाद घायल जीविका दीदियों को इलाज के लिए GMCH में भर्ती कराया गया. वहीं इस घटना से आक्रोशित होकर जीविका दीदियों ने दीदी की रसोई को बंद कर दिया है. जिससे अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को भोजन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है.
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
फिलहाल पूरे मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. पीड़ित जीविका दीदियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है.
जांच कर दोषियों पर होगी कार्रवाई
मामले पर पश्चिम चंपारण के डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि शाम में डीपीएम द्वारा मामले की जानकारी मुझे मिली है. जीएमसीएच में कहासुनी के बाद मारपीट की घटना हुई है. मामले की जांच को लेकर दिशा निर्देश दिया गया है. जांच के बाद दोषियों पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.