पश्चिम बंगाल से मछली का कारोबार करने सरगुजा पहुंचे दो व्यापारियों को युवकों ने अगवा कर बंधक बना लिया और उनके पास से 35 हजार रुपये नगदी लूट ली। युवकों ने दोनों व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देकर दो लाख रुपये मांगे। व्यापारियों के यूपीआई से युवकों ने पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करा लिया। दोनों व्यापारियों को आज सुबह छोड़ा गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के 24 परगना से मछली व्यवसायी अरुप दास अपने साथी के साथ अंबिकापुर पहुंचे थे। दोनों बस स्टैंड के पास मानस होटल में रुके और घूम-घूम कर स्थानीय मछली विक्रेताओं से संपर्क कर रहे थे। बुधवार 03 फरवरी की शाम वे मौलवी बांध तालाब की ओर मछली देखने जा रहे थे। उसी समय एक स्कूटी और एक बाइक में सवार 4 लोग मौके पर पहुंचे। युवकों ने दोनों को रोककर पूछताछ की। लूटे रुपये, धमकी देकर बंधक बनाया
युवकों को व्यापारियों ने बताया कि वे कोलकाता से आए हैं और मछली व्यापारी हैं। युवकों ने अरुप कुमार एवं उसके साथी से 35 हजार रूपये नगद, मोबाईल एवं पर्स लूट लिया। दोनों को जान से मारने की धमकी देकर उन्हें एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। युवकों ने दोनों व्यवसायियों के साथ मारपीट करते हुए दो लाख रुपये की मांग की, अन्यथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी। युवकों ने दोनों को धमकाकर उनके यूपीआई अकाउंट से एक लाख रुपये अपने खातों में पैसे ट्रांसफर करा लिया। गुरुवार सुबह दोनों व्यापारियों को छोड़कर युवक भाग निकले। दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार
घटना की रिपोर्ट दोनों व्यापारियों ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115 (2), 190, 191(2), 127(7), 310(2), 135 बीएनएस का अपराध दर्ज किया। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर सेल एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम ने यूपीआई ट्रांजेक्शन की हिस्ट्री की मदद से आरोपियों का पता लगाया और दो आरोपियों अलताब खान (21 वर्ष) निवासी रघुनाथपुर, लुण्ड्रा एवं शरद चौधरी (22 वर्ष) निवासी दर्रीपारा, अंबिकापुर को पकड़कर पूछताछ की तो दोनों आरोपियों ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। लूट की रकम को आरोपियों द्वारा खाते में जमा कराया गया था। पुलिस ने उनके बैंक खातों को होल्ड करा दिया है। आरोपियों के पास से 3 मोबाइल जब्त किया गया है। घटना में शामिल अन्य आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी शशि कांत सिन्हा ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.