जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की दोहरी मार पड़ रही है। चिल्ले कलां के बीच कश्मीर के ऊंचे इलाकों और पर्यटन स्थलों पर पारा शून्य से कई डिग्री नीचे है। माैसम विभाग ने जम्मू संभाग में पांच जनवरी तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कश्मीर में 10 जनवरी के बीच मौसम साफ रहने के आसार हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने यात्रियों, पयर्टकों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक मुख्तार अहमद ने बताया कि धूप खिलने से पहाड़ी क्षेत्रों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। तापमान में अचानक बदलाव से बर्फबारी वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन या फिसलन बढ़ने की आशंका है। इसलिए पहाड़ों पर रहने वाले लोग सतर्क रहें। पर्यटकों को भी सलाह दी गई है कि वे संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रैकिंग या घूमने के दाैरान बेहद सावधान रहें।
जम्मू में शनिवार को सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। कटड़ा में ठंडी हवाओं और कोहरे के चलते दोपहर बाद से हेलीकाॅप्टर सेवा बाधित रही। इससे माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को परेशान होना पड़ा। जम्मू संभाग में अगले दो दिन घने कोहरे के कारण लंबी दूरी की ट्रेनें और उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
जोजिला पास और मुगल रोड खुले
कश्मीर में शनिवार को मौसम साफ रहा। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली। सड़क से बर्फ हटाकर जोजिला पास और मुगल रोड भी खोल दिया गया है। बांदीपोरा-गुरेज मार्ग पहले से ही खुल चुका है।
कश्मीर में सबसे ठंडा गुलमर्ग
कश्मीर संभाग में गुलमर्ग माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 9.2 और न्यूनतम माइनस 1.5 डिग्री रहा। पहलगाम में 3.6 और न्यूनतम तापमान -5.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। श्रीनगर एयरपोर्ट पर न्यूतनम तापमान माइनस 2.0 डिग्री, अनंतनाग में माइनस 3.0 डिग्री, शाेपियां में माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू संभाग में भद्रवाह सबसे ठंडा
जम्मू संभाग में भद्रवाह माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। जम्मू में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री, जम्मू एयरपोर्ट पर 8.8 डिग्री, कटड़ा में 6.6 डिग्री, कठुआ में 7.4 डिग्री, राजोरी में 3.2 डिग्री, किश्तवाड़ में 3.6 डिग्री, डोडा में 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख के लेह में माइनस 10.6 डिग्री, कारगिल में माइनस 11.2 डिग्री और नुब्रा घाटी में माइनस 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.