सिल्वर सिटी में झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के करीब है। हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटरों के दो मददगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक के बेटे ने हरिद्वार में गाड़ी बुक करने के लिए यूपीआई से पेमेंट किया था जबकि दूसरे ने शूटरों को वाहन, टिकट आदि मदद उपलब्ध करवाई थी।
इस मामले में विक्रम के भाई और उसकी पत्नी से भी पूछताछ हो चुकी है। पुलिस ने कई कडि़यां आपस में जोड़ ली हैं। हत्याकांड का जल्द ही खुलासा हो सकता है। बता दें कि 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के कुख्यात गैंगेस्टर विक्रम शर्मा को दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए तीन बदमाश बाइक पर आए थे। इनमें से दो घात लगाकर सीढ़ियों के पास खड़े हो गए और उनका एक साथी मॉल से कुछ दूर बाइक लिए इंतजार कर रहा था।
कई कुख्यात अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंध होने की जानकारी मिली
विक्रम जब जिम से बाहर निकला और सीढि़यां उतर रहा था तभी पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने बेहद करीबी से सिर पर कई गोलियां मार दी थी। इसके बाद बदमाश वहां से कुछ सौ मीटर तक पैदल भागे और काले रंग की बाइक में सवार होकर फरार हो गए। विक्रम पर झारखंड में हत्या और गैंगस्टर समेत 50 से अधिक मामले दर्ज हैं। काशीपुर में विक्रम का स्टोन क्रेशर है और वह प्रॉपर्टी के कारोबार में भी सक्रिय था। विक्रम शर्मा सिंहभूमि जमशेदपुर झारखंड का रहने वाला था। वर्तमान में देहरादून में अमन विहार में रह रहा था। उसके कई कुख्यात अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंध होने की जानकारी मिली है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले का जल्द से जल्द खुलासा करने के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल एविडेंस, लोकेशन आदि विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस टीम को अहम सुराग मिले हैं। इस मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.