विदिशा जिले के कलेक्टर अंशुल गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे हॉस्टल निरीक्षण के दौरान हॉस्टल अधीक्षक से आपत्तिजनक भाषा में बात करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कलेक्टर को ‘जूते मारूंगा तुमको मैं।’ कहते सुना जा सकता है। इस टिप्पणी के बाद प्रशासनिक गरिमा और अधिकारियों के आचरण को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला गंजबासौदा क्षेत्र के उदयपुर हॉस्टल का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जिले में शीतलहर के चलते कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की छुट्टियां घोषित की गई थीं, जिसके कारण हॉस्टल में बच्चे मौजूद नहीं थे। कलेक्टर अंशुल गुप्ता जब निरीक्षण के लिए पहुंचे और बच्चे नहीं मिले तो वे नाराज हो गए। बताया जाता है कि बच्चों की अनुपस्थिति को लेकर उन्होंने हॉस्टल अधीक्षक को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी फटकार लगाई और इसी दौरान आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
ये भी पढ़ें: Indore: आनन-फानन में भागीरथपुरा में बिछाई नर्मदा लाइन टेस्टिंग के दौरान फूटी
वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। आम लोगों का कहना है कि इतने बड़े पद पर आसीन एक आईएएस अधिकारी से ऐसी भाषा की अपेक्षा नहीं की जाती। उनका कहना है कि यदि लापरवाही हुई भी हो, तो भी अधिकारियों को संयम और मर्यादा बनाए रखते हुए कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल इस घटना पर न तो कलेक्टर की ओर से और न ही जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग इस व्यवहार की आलोचना कर रहे हैं और प्रशासनिक आचरण एवं जवाबदेही पर सवाल उठा रहे हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.