आखिरकार उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला। मौसम ने करवट ली और राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का दौर जारी है। निचले इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई है। वहीं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने मौसम को और सर्द बना दिया है। केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, मसूरी, चकराता और धनौल्टी जैसे इलाकों में बर्फ की फुहारें गिर रही हैं। मौसम बदलने से ठिठुरन बढ़ी है। बर्फबारी के इंतजार में बैठे लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।
राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो रही है।
पहाड़ों की रानी मसूरी में बर्फबारी
पहाड़ों की रानी मसूरी में लालटिब्बा क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे मौसम में ठंड बढ़ गई है। लंबे समय बाद बर्फबारी देखने को मिलने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं। वहीं धनौल्टी में बसंत पंचमी के साथ सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।
चकराता क्षेत्र की ऊंचाई वाली पहाड़ियों लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित अन्य इलाकों में भी साल की पहली बर्फबारी की फुहारें गिरनी शुरू हो गई हैं। बर्फबारी के साथ पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.