आज विश्व महिला दिवस है। UPSC क्लियर करने वाली बिटिया अनिता ने बताया कि सफलता की राह में मां सबसे बड़ा सहारा बनी। चित्तौड़गढ़ के अनुज अग्निहोत्री ने देश में पहली रैंक हासिल की तो सीएम ने वीडियो कॉल कर बधाई दी। धौलपुर में राजकॉप ऐप की टेस्टिंग के दौरान युवक की हिस्ट्री निकल आई और चूरू में खराब सड़क की शिकायत सुनकर अफसर भाग निकले। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में..
1. विमेंस डे पर कामयाब बेटी का ‘मैसेज’
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर हुआ। घर के आंगन में मां खड़ी दहाड़े मारकर रो रही है। घर के सामने पुलिस की कार खड़ी है।
घर से बैग लेकर निकलती बेटी पुलिस से कहती है-प्रेमी के साथ ही जाऊंगी। तय कर लिया। बालिग हूं। न पुलिस कुछ कर पाती है, न मां-बाप।
दूसरी तरफ जोधपुर की रहने वाली बिटिया अनिता देवड़ा। जिसने यूपीएससी में 644वीं रैंक हासिल करने के बाद कहा-मां ने मजदूरी करके पढ़ाया। उन्होंने पंख दिए तो आसमान छू पाई।
बेटियां को पंख दिए जाना भी जरूरी है। बेटियों की भी जिम्मेदारी है कि पंख लगाकर ऐसी दिशा में उड़ें जहां मां-बाप गर्व महसूस कर सकें।
वैसे विमेंस डे पर बेटों की बात करना भी जरूरी है। जैसलमेर के प्रवीणदान रतनू ने 499वीं रैंक हासिल की। उनका एक पुराना वीडियो सामने आया जो इंटरव्यू से पहले का है। भाईजी धुरंधर के गाने पर नाच रहे हैं। सफलता का आभास पहले ही हो गया था।
जोधपुर की अनिता देवड़ा ने यूपीएससी में 644वीं और जैसलमेर के प्रवीणदान रतनू ने 499वीं रैंक हासिक की।
2. आपने राजस्थान का नाम रोशन किया है..
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने विश्वकप जीता। जब पुरुष टीम की बारी आई तो आईसीसी क्रिकेट विश्वकप का एक विज्ञापन आया। जिसमें क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने कहा-म्हारे छोरे के छोरियां से कम हैं?
यूपीएससी के रिजल्ट में भी छोरे कहीं पीछे नहीं रहे। चित्तौड़गढ़ के अनुज अग्रिहोत्री ने देश में नंबर 1 रैंक हासिल की। अनुज ने राजस्थान की शान बढ़ा दी।
यूपीएससी का टॉपर बनकर अनुज ने साबित किया कि चित्तौड़गढ़ वीरों की ही नहीं, ज्ञानियों की भी धरती है।
मुख्यमंत्री जी ने वीडियो कॉल करके अनुज को इस सफलता की बधाई दी। कहा-आपने नाम रोशन कर दिया।

चित्तौड़गढ़ के अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में पहली रैंक हासिल की। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल कर बधाई दी।
3. राजकॉप ऐप की ‘सफल’ टेस्टिंग
धौलपुर के बाड़ी की बात है। रात का समय था। बाड़ी कोतवाली इंचार्ज देवेंद्र शर्मा के हाथ में मोबाइल था। मोबाइल में राजकॉप ऐप खुला था। साहब ऐप की खूबियां गिना रहे थे।
इर्द-गिर्द पुलिस के अन्य जवान थे। पुलिस कार की नीली-लाल बत्ती जगमग कर रही थी। कार के पास बैग टांगे एक युवक खड़ा था। साहब कह रहे थे-ऐप से चेहरा स्कैन करते ही किसी भी व्यक्ति की कुंडली खुल जाएगी।
सैंपल के तौर पर बैग वाले युवक को आगे कर दिया गया। साहब ने उसी पर ऐप का प्रयोग शुरू किया। बोले-इधर मेरी तरफ मुंह कर।
लड़का साहब की तरफ घूम गया। साहब ने ऐप का कैमरा खोलकर युवक की फोटो लेते हुए प्रक्रिया समझाने लगे- देखो, हम सबसे पहले फोटो के सेक्शन में जाएंगे। फोटो खींचेंगे। फोटो खिंच गया। अब फोटो क्रॉप करेंगे।
अब देखो कई कैटेगरी खुल गई। गुमशुदा, अभियुक्त आदि। अचानक साहब के चेहरे पर शिकन। चौंककर बोले- तेरा नाम सचिन है? तू बसेड़ी का है? तू सिंधि कैंप में पकड़ा गया था?
युवक का मुंह लटक गया। पास खड़े सिपाही ने याद करते हुए बताया- कट्टे के साथ पकड़ा गया था। आर्म्स एक्ट में।
साहब के चेहरे पर फतेह जैसा भाव आया। बोले- देखो, ये है इस ऐप का फायदा।

धौलपुर के बाड़ी कोतवाली थाना इंचार्ज देवेंद्र यादव राजकॉप ऐप का उपयोग करना सिखा रहे थे। जिस युवक पर सैंपल ट्राई किया उसी की हिस्ट्री निकल आई।
4. चलते-चलते..
साहब लोगों को शिकायत सुनने में दिक्कत नहीं है। लेकिन वीडियो बनाते हुए कोई शिकायत करे या पोल खोले तो भाग निकलना बेहतर।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया। दावा ये कि चूरू के रतनगढ़ में खुडेरा छोटा से रतनसर गांव के बीच बनी नई सड़क बीच-बीच से उखड़ने लगी है।
एक युवक सड़क पर वीडियो बनाकर कहता है- कार में ये अधिकारी आए हुए हैं। जब मैंने रोड चेक कराया तो मुझे ही धमका रहे हैं। रोड में मिट्टी डाल रखी है। वरना बीचों बीच में से ऐसे फूट जाएगी क्या?
युवक सड़क ही हालत दिखाता है। कहता है- अधिकारी ये भी कह रहे हैं कि तुझे जहां ठीक लगे, शिकायत कर ले।
युवक वीडियो बनाते हुए कार की तरफ बढ़ता है। कहता है- लो मैं दिखाता हूं। ये कार है। ये देखिए।
कार की रफ्तार बढ़ने लगती है। युवक का उत्साह भी उसी अनुपात में बढ़ता है- ये जा रहे हैं। बात नहीं कर रहे हैं। नीचे आओ साहब। साहब नीचे आओ। अरे आओ तो सही आपको रोड दिखाऊं।
कार दूर निकल जाती है। युवक चिल्लाता रह गया। साहब टाटा, बाय-बाय भी करके नहीं गए।

चूरू का एक वीडियो सामने आया। जिसमें युवक अधिकारियों से खराब सड़क की शिकायत करता नजर आ रहा है। दावा है कि कार सवार अधिकारी पहले धमकाते हैं फिर मौके से निकल जाते हैं।
इनपुट सहयोग- नीरज चौधरी (धौलपुर), सिकंदर शेख (जैसलमेर)।
वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब मंगलवार को मुलाकात होगी..
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.