बड़वान जिले के राजपुर थानांतर्गत सात वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए आरोपी सौतेले चाचा को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडला में इंदिरा सागर नहर से बच्ची का शव बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों और दुष्कर्म के निशान पाए गए। रिपोर्ट में पानी में डूबने और दम घुटने से मृत्यु की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी जगदीश डावर ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम द्वारा प्रकरण की जांच मुखबिर तंत्र, तकनीकी, वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की गई।
पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
बच्ची के परिजनों और गवाहों के बयानों के आधार पर उसका चाचा संदेह के घेरे में आया। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे परिवार के सदस्य सो रहे थे। बच्ची के पिता सिंचाई के लिए खेत पर गए थे। इसी दौरान उसने अपने सौतेले भाई की बेटी को उठाया। बच्ची को घर के पीछे नहर के पास ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। रोने-चिल्लाने पर आरोपी ने जान से मारने के लिए बच्ची को नहर में फेंक दिया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.