उज्जैन के दारू गोदाम के पास स्थित एक पोहा फैक्ट्री में शनिवार देर रात आग लग गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। यह घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है। बताया गया कि फैक्ट्री रोजाना की तरह शाम करीब 6 बजे ही बंद हो जाती है। फैक्ट्री के अंदर रखे धान के भूसे में आग भड़क गई, जिससे लपटें तेजी से फैल गईं और इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दमकलकर्मी आग बुझाते हुए दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री तुलसी नगर निवासी जबरी जैन की है, जिसका नाम डायमंड एग्रो प्रोडक्ट बताया जा रहा है। चिमनगंज थाना प्रभारी के मुताबिक, आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.