तराना में गुरुवार रात विहिप के पूर्णकालिक सदस्य सोहिल ठाकुर पर हुए हमले के बाद लगातार माहौल बिगड़ता जा रहा है। शुक्रवार की दोपहर को हुए उपद्रव के बाद देर रात को भी कुछ लोगों ने मोहम्मद अलीम की लकड़ी की टाल में आग लगा दी। इस दौरान उपद्रवी नकाब पहनकर आए थे। वैसे पुलिस ने अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तराना में आज तीसरे दिन भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार रात एक बार फिर अराजकता बढ़ गई। कुछ उपद्रवियों ने लकड़ी की टाल में आग लगा दी। साथ ही शहर के स्थानों पर फिर पथराव की सूचना भी सामने आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा। वहीं प्रशासन की ओर से स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने की लगातार कोशिश जारी है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम लगातार गश्त कर लोगों को अपने घरों में रहने के लिए कह रही है।
शुक्रवार को यह हुआ
तराना में गुरुवार को हुए घटनाक्रम के बाद शुक्रवार को भी तनाव की स्थिति बनी रही। दोपहर करीब 3 बजे असामाजिक तत्वों ने कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए जमकर उत्पात मचाया। विहिप नेता पर हुए हमले से उपजा आक्रोश हिंसा में तब्दील हो गया, जिससे नगर की शांति भंग हो गई है। पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच दोपहर 3 बजे के आसपास शरारती तत्वों ने बस स्टैंड के समीप स्थित महेश मार्केट परिसर में खड़ी आनंद बस को निशाना बनाया। उपद्रवियों ने बस में आग लगा दी, जिससे देखते ही देखते बस आग के गोलों में तब्दील हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। हिंसा की लपटें यहीं नहीं रुकीं, उपद्रवियों का झुंड कपड़ा मार्केट की ओर बढ़ा और वहां जमकर हुड़दंग मचाया। कई मकानों और दुकानों पर पथराव किया गया, जिससे खिड़कियों के कांच टूट गए और काफी नुकसान हुआ। शांतिपूर्ण रहने वाले इस व्यापारिक क्षेत्र में मचे इस तांडव से व्यापारी वर्ग में भारी रोष और भय व्याप्त है। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान स्वयं मोर्चा संभाले हुए हैं। भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद भी छिटपुट घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पूरे नगर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है, सड़कें सूनी हैं और बाजार पूरी तरह बंद हैं। आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करने वाला तराना आज अशांति के दौर से जूझ रहा है।
पुलिस पेट्रोलिंग तेज
प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग तेज कर दी है। अब तक 19 उपद्रवियों को हिरासत में लिया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हिंसा में शामिल हर चेहरे की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर के आम नागरिक अब केवल शांति और सामान्य जनजीवन की बहाली की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
तराना में ही रुके कलेक्टर-एसपी
तराना पहुंचे कलेक्टर सिंह और एसपी शर्मा ने रात तराना में ही रुके और उपद्रवियों पर कठोर कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा उपद्रवियों की संख्या और बढ़ेगी। सीसीटीवी फुटेज लगातार चैक कर रहे हैं, जिससे उन्हें नामजद चिह्नित कराया जा रहा है। जितने भी लोग माहौल खराब कर उपद्रव करने में शामिल हैं, उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.