उदयपुर में वकील की गिरफ्तारी के लिए पुलिस युवकों के साथ आई, जिसका सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।
उदयपुर में गत 11 फरवरी को बीजेपी की महिला नेता ने वकील पर आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेल करने के आरोप लगाए। उसी रात 2:20 से 4:15 बजे तक की पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो सामने आया है। CCTV फुटेज में कुछ अन्य युवक औजार (हथौड़ा-सब्बल) के साथ दिख रहे हैं।
सोमवार रात सामने आए वीडियो के बाद न सिर्फ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि आमजन में भी डर का माहौल है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है, सबसे पहले रात 2:20 बजे पुलिस जवान चांदपोल स्थित अधिवक्ता के घर के पास गली में पहुंचते हैं, फिर रात 2:43 बजे डीएसपी गिर्वा गोपाल चंदेल पहुंचते हैं। उनके साथ पुलिस जवान और एक छोटी हाइट का सूट-बूट में खड़ा व्यक्ति भी घर की तरफ बढ़ते हैं।
पहले देखिए फोटोज…
11 फरवरी की रात पुलिस के साथ पहुंचा सूट-बूट वाला व्यक्ति। (लाल और ब्लू जैकेट में पुलिस के जवान)

रात 2.43 बजे गिर्वा सर्किल डीएसपी गोपाल चंदेल भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस के दो जवान वकील को पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दिए।

इसके बाद औजार (हथोड़ा-सब्बल) लिए युवक भी पुलिस के पीछे-पीछे निकलते दिखे।
सवाल-सूट-बूट वाला कौन था?
इसी दौरान 4:08:52 बजे दो लड़के लंबा हथौड़ा और सब्बल लेकर आते हैं, जिनके साथ एक पुलिस जवान वर्दी में चलता दिखाई देता है। ये दोनों लड़के सूट-बूट वाले व्यक्ति के साथ गली में बैठ जाते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सब्बल-हथौड़े लेकर आने-जाने वाले ये लड़के कौन थे? वे पुलिस के साथ क्यों आ-जा रहे थे? अगर पुलिस के साथ नहीं थे तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई? डीएसपी गोपाल चंदेल ने सफाई देते हुए कहा है कि विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
भूपालपुरा एएसआई ने डिप्टी को सौंप दी जांच
वकील के खिलाफ थाना भूपालपुरा में दर्ज एफआईआर में उल्लेख है कि एएसआई दिनेश कुमार ने गिर्वा सर्किल डिप्टी गोपाल चंदेल को जांच सौंप दी। आरोपी के अधिवक्ता ओम चौधरी ने सवाल उठाया कि जांच हमेशा एसपी के निर्देश पर बदलती है। इससे लगता है कि पुलिस किसी बड़े सियासी दबाव में थी।

डीएसपी बोले- अफसरों के निर्देश थे
गिर्वा सर्किल डीएसपी गोपाल चंदेल का कहना है कि कानूनी कार्रवाई के तहत अधिवक्ता और उसके परिवार को नींद से जगाया गया। मोहल्ले के लोग भी मौजूद थे। सब्बल-हथौड़े वाले युवा कौन थे, हमें नहीं पता। कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की।
अधिवक्ता की मां ने राज्यपाल से मांगा न्याय
अधिवक्ता की मां ने पिछले दिनों पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी योगेश गोयल को ज्ञापन देकर कहा था कि पुलिस गोगुंदा के किशन मेघवाल और 4-5 अन्य बदमाशों के साथ उनके घर में घुसी। इसके लिए छत से सब्बल और हथौड़ा से दरवाजा तोड़ा गया। महिला का मोबाइल छीना गया और मारपीट भी की गई। परिवार ने न्याय मांगा की इसकी निष्पक्ष जांच की जाए।
जूली भाजपा का नाम लेकर बोले उदयपुर फाइल्स आएगी
उदयपुर में ब्लैकमेलिंग-रेप के हाई प्रोफाइल मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा का नाम लेते हुए कहा था कि जल्द उदयपुर फाइल्स आने वाली है। जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बड़ा मामला उजागर होगा।
———–
ये खबर भी पढ़िए…
बीजेपी महिला नेत्री के वीडियो का मामला, नहीं होंगे इस्तीफे:जिला संयोजक की नियुक्ति की तैयारी की जा रही, संघ को पार्टी की छवि खराब होने का इनपुट मिला

उदयपुर में बीजेपी की महिला नेता के कथित वीडियो के मामले में बड़े नेताओं के नाम की चर्चा के बाद पार्टी ने समाधान पर काम शुरू कर दिया है। सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले पर जयपुर और दिल्ली में मंथन हुआ है, जिसमें इस्तीफे की बजाय दूसरे फॉर्मुले पर विचार किया गया है। इसके तहत उदयपुर में अब जिला संयोजक की नियुक्ति की तैयारी की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर…)
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.