Udaipur Commercial Gas Cylinder Crisis: झीलों की नगरी उदयपुर में कमर्शियल गैस सप्लाई रुकने से पर्यटन उद्योग पर संकट मंडराने लगा है. शहर में हर माह करीब 20 हजार कमर्शियल सिलेंडरों की खपत होती है, लेकिन सप्लाई बाधित होने से होटल, रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल संचालक परेशान हैं. कई जगह केवल दो दिन का ही गैस स्टॉक बचा है. पर्यटन सीजन और डेस्टिनेशन वेडिंग के बीच यह स्थिति बड़ी चुनौती बन सकती है. सिलेंडर की कालाबाजारी भी बढ़ रही है. होटल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जल्द गैस सप्लाई बहाल करने की मांग की है.
गैस सप्लाई बाधित होने से शादी समारोह बना चुनौती
होटल व्यवसायी राजेश अग्रवाल का कहना है कि शहर में कमर्शियल गैस की कुल सप्लाई का केवल करीब 15 प्रतिशत हिस्सा ही होटल और रेस्टोरेंट तक पहुंचता है. ऐसे में उस पर भी रोक लगा देना ठीक नहीं है. उन्होंने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि होटल और रेस्टोरेंट उद्योग प्रभावित न हो. उदयपुर में इस समय मार्च और अप्रैल के दौरान कई डेस्टिनेशन वेडिंग बुक हैं. शहर के अधिकांश बड़े रिजॉर्ट और होटल पहले से ही बुक हैं. ऐसे में गैस सप्लाई बाधित होने से शादी समारोहों और मेहमानों के लिए भोजन व्यवस्था करना चुनौती बन सकता है.
उदयपुर की 40 फीसदी अर्थव्यवस्था पर्यटन उद्योग पर निर्भर
जानकारी के अनुसार, उदयपुर शहर और आस-पास के क्षेत्रों में करीब 1500 होटल, रिसॉर्ट, होमस्टे, विला और धर्मशालाएं संचालित हो रही हैं. इसके अलावा 1000 से अधिक ढाबे, कैफे और रेस्टोरेंट हैं. शहर की लगभग 40 प्रतिशत अर्थव्यवस्था पर्यटन उद्योग पर निर्भर मानी जाती है. ऐसे में गैस सप्लाई रुकने से पर्यटन से जुड़े कई अन्य व्यवसाय भी प्रभावित हो सकते हैं. पर्यटन विशेषज्ञ प्रो. महेश शर्मा का कहना है कि यदि कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई लंबे समय तक प्रभावित रही तो होटल उद्योग के साथ-साथ डेस्टिनेशन वेडिंग, कैटरिंग और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबार पर भी असर पड़ेगा.
होटल एसोसिएशन ने सीएम ने लिखा पत्र
शहर के सुखाड़िया सर्किल, शोभागपुरा और हिरणमगरी क्षेत्र की चौपाटियों पर संचालित छोटे-बड़े फूड स्टॉल और ठेला संचालकों का कहना है कि उनके पास भी केवल दो दिन का गैस स्टॉक बचा है.यदि जल्द सप्लाई नहीं मिली तो उन्हें कोयले या डीजल भट्टी का सहारा लेना पड़ेगा या फिर कुछ समय के लिए दुकान बंद करनी पड़ सकती है. स्थिति को देखते हुए होटल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया है और जल्द से जल्द कमर्शियल गैस सप्लाई बहाल करने की मांग की है. कारोबारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में स्थिति नहीं सुधरी तो पर्यटन सीजन के बीच शहर के होटल और रेस्टोरेंट उद्योग को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.