पलामू में सड़क दुर्घटना में चतरा जिले के दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना बुधवार रात मनातू थाना के पास हुई। मृतकों की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के कसमार निवासी मनोज तुरी (25) और प्रतापपुर निवासी प्रेम भारती (32) के रूप में हुई है।
मनातू पुलिस ने शवों को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया था। गुरुवार को एमएमसीएच में मृतकों का पोस्टमॉर्टम किया गया। एमएमसीएच टीओपी प्रभारी महेंद्र कुमार ने इस संबंध में मृतक के परिजनों से पूछताछ की।
मृतक मनोज तुरी के भाई विनोद तुरी और प्रेम भारती की पत्नी सूशी देवी ने पुलिस को बताया कि बुधवार को चारों दोस्त प्रतापपुर से एक ही बाइक पर सवार होकर मनातू के डुमरी गांव आए थे। डुमरी मनोज तुरी का ससुराल है।
रात में चारों एक ही बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मनातू थाना के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसमें मनोज और प्रेम गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मेदिनीनगर बेहतर इलाज के लिए भेजा गया, मगर एमएमसीएच पहुंचने के पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.