मध्य-पूर्व में जारी तनाव और एलपीजी संकट के बीच बांसवाड़ा में रसद विभाग की टीम ने खांदू कॉलोनी में एक सेवानिवृत्त पटवारी सहित दो घरों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां से छह गैस सिलिंडर जब्त किए गए। वहीं जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने गैस एजेंसियों के गोदामों का निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था की जांच की। प्रशासन ने कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला रसद अधिकारी ओमप्रकाश जोतड़ ने बताया कि खांदू कॉलोनी के दो मकानों में अवैध भंडारण और रिफिलिंग की सूचना मिली थी। इस पर प्रवर्तन अधिकारी लालशंकर डामोर के नेतृत्व में विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने लाभचंद और सोहनलाल नामक व्यक्तियों के घर पर छापा मारा। जांच के दौरान वहां कुछ लोग भरे हुए सिलिंडर लेने भी पहुंच रहे थे। टीम ने मौके से चार बड़े और दो छोटे सिलिंडर जब्त किए। दोनों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर का संकट
बांसवाड़ा और डूंगरपुर में होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कमी की समस्या खड़ी हो गई है। सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित होने से कई भोजनालयों को अपने मेन्यू में बदलाव करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं को तवा रोटी की जगह तंदूरी नान परोसा जा रहा है। भोजनालय संचालक खिलेश कुमार ने बताया कि उनके यहां थाली सिस्टम है। पहले मिठाई में गुलाबजामुन दिया जाता था, लेकिन अब उसकी जगह श्रीखंड देना पड़ रहा है।
पढ़ें: ईरान-इजरायल और अमेरिका युद्ध का असर अजमेर तक, गैस किल्लत में इंडक्शन चूल्हों की बंपर बिक्री बढ़ी
नाश्ता सेंटर संचालकों की परेशानी
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिलने से नाश्ता सेंटर संचालकों की परेशानी बढ़ गई है। मोहनलाल, अरविंद कुमार और नारायणसिंह जैसे संचालकों का कहना है कि गैस सिलिंडर नहीं मिलने से रोजगार प्रभावित हो रहा है। वहीं घरेलू सिलिंडर का उपयोग करने पर कार्रवाई का डर भी बना हुआ है।
गोदामों का निरीक्षण
इधर बांसवाड़ा में जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने गैस एजेंसियों के गोदामों का निरीक्षण किया। वहीं डूंगरपुर में कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी मनीष कुमार ने भी गोदामों की जांच की। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर और वितरण रिकॉर्ड की पड़ताल की और संचालकों को बुकिंग के अनुसार सिलिंडर की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. यादव ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बनाए रखने और कालाबाजारी रोकने के लिए रसद, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टास्क फोर्स का गठन किया गया है। उन्होंने उपभोक्ताओं से जरूरत के अनुसार ही सिलिंडर बुक करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.