शाहजहांपर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम हाईवे पर स्थित कोठा मंझा गांव के सामने ओवरटेक कर रहा ट्रक सामने से आ रही कार से टकरा गया। हादसे में बहन का तिलक चढ़ाने जा रहे थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला हद्दफ निवासी आनंदपाल उर्फ पप्पू (45 वर्ष) व उनके बड़े भाई देवेंद्र के ससुर सुरेश पाल (60 वर्ष) निवासी निबरिया थाना फतेहगंज पूर्वी, बरेली की मौत हो गई। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें लड़की के पिता छोटेलाल की हालत गंभीर है।
परिजनों के अनुसार, आनंद पाल की बहन सविता की शादी 15 फरवरी को फर्रुखाबाद के थाना फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव पट्टी पूर्वी में होनी है। सोमवार की शाम आनंदपाल परिवार के लोगों के साथ कार व इको वैन से अपनी बहन का तिलक चढ़ाने के लिए फर्रुखाबाद जा रहे थे। शाम करीब साढ़े चार बजे जैसे ही वे अल्हागंज थाना क्षेत्र में कोठा मंझा गांव के पास पहुंचे, तभी किसी वाहन को ओवरटेक करते हुए आ रहा ट्रक उनकी कार से टकरा गया। इस बीच ईको वैन भी ट्रक से टकरा गई।
हादसे में ये लोग घायल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक आनंदपाल व सुरेश पाल की सांसें थम चुकी थीं। इस बीच पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में सवार घायल कप्तानपाल (60), निखिल पाल (17), राघव (12), अनमोल (10) व विनोद (40), लड़की के पिता छोटेलाल, शीवेंद्र व हरदोई के गांव जल्लापुर निवासी कार चालक विमलेश को सीएचसी जलालाबाद भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार कर सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
यहां से छोटेलाल की गंभीर हालत को देख लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर थोड़ी देर के लिए जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस ने वाहनों को रोड से हटवाकर यातायात सुचारु किया। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है। घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया है। ट्रक चालक को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.