रोहतक की जनता कॉलोनी के एक टाइल कारोबारी को दो युवतियां जाल में फंसाकर पानीपत के होटल से 20 तोले सोना और 50 हजार की नकदी उड़ा ले गईं। एक युवती ने व्यापारी के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती की थी। उसने उनके सोने के गहनों और रील में डांस की प्रशंसा की थी और अपनी सहेली को साथ लेकर व्यापारी को हरिद्वार घूमने जाने के लिए तैयार किया था। कोहरा अधिक होने पर तीनों पानीपत के संजय चौक स्थित एक होटल में रुके थे। इस दौरान उन्होंने शराब पार्टी की थी। कारोबारी को सुबह के समय होटल के स्टाफ ने उठाया तो मामले का पता चला। सोने की कीमत करीब 24.80 लाख रुपये है। थाना चांदनी पुलिस ने दो युवतियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रोहतक की जनता कॉलोनी के एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका रोहतक में टाइल का होल सेल का काम है। उनकी 10 दिन पहले ही इंस्टाग्राम पर मुस्कान चौधरी नाम की एक लड़की से बात हुई थी। युवती ने कहा कि वह उनकी इंस्टाग्राम पर रील देख चुकी है और उनका डांस अच्छा है। उसने उनसे पहने हुए सोने के गहनों की शुद्धता के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने इनको शुद्ध होने की जानकारी दी। युवती ने उनके सामने दोस्ती का प्रस्ताव रखा और मिलने की इच्छा जताई। मुस्कान चौधरी उनसे मिलने के लिए रोहतक के होटल मन्नत हवेली पहुंची। यहां दोनों ने करीब 10 मिनट तक हरियाणवी सिंगर केडी का लाइव शो देखा।
इस युवती ने इसके कुछ दिन बाद उनसे फिर संपर्क किया और घूमने चलने की बात कही। उन्होंने उनको मना कर दिया। युवती अपनी सहेली गरिमा के साथ मिलने आई और दोनों ने उनको हरिद्वार चलने के लिए तैयार कर लिया। वह 22 दिसंबर की रात करीब आठ बजे दोनों युवतियों को कार में रोहतक से हरिद्वार के लिए चला था। उस रात कोहरा अधिक होने पर पानीपत के संजय चौक स्थित थार इन होटल में रुक गए। यहां तीनों ने शराब पी और वह सो गया। उनको अगले दिन 23 दिसंबर की सुबह होटल कर्मचारियों ने चेक आउट के लिए उठाया। उनके गले से सोने की चेन, चार अंगूठी, एक अंगूठे का छल्ला और करीब 50 हजार रुपये नकद गायब थे। स्टाफ ने उनको बताया कि दोनों युवतियां रात करीब तीन बजे होटल से चली गई थीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.