गांव खांडा खेड़ी के पास उगालन रोड पर रविवार रात बाइक फिसलने से जींद से लौट रहे तीन दोस्त गंभीर घायल हो गए। इनमें से दो को जींद के नागरिक अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। एक युवक को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गांव उगालन निवासी संजीव (27), अंकुश (22) और मनमोहन (22) बाइक पर किसी काम से जींद गए थे। वहां से लौटते वक्त करीब आठ बजे खांडा खेड़ी गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस की मदद से तीनों को जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अंकुश और मनमोहन को मृत घोषित कर दिया।
संजीव को वहीं के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गांव में हादसे की जानकारी मिलते ही शोक का माहौल है। वहीं, मृतकों के घर में कोहराम मच गया। अंकुश के पिता संजय ने बताया कि बेटे की शादी एक महीने पहले ही हुई थी। वहीं, मनमोहन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। तीनों दोस्त अक्सर साथ में आते-जाते थे। सूचना पाकर नारनौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंपेंगे। प्रारंभिक जांच में हादसा बाइक फिसलने से हुआ, फिर भी जांच कर रहे हैं कि कहीं किसी वाहन ने टक्कर तो नहीं मारी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.