टीकमगढ़ जिले में जमीन संबंधी पुराने विवाद के चलते हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 06 दिसंबर 2025 की है, जब फरियादी दलबीर सिंह पुत्र कोमल सिंह सोलंकी (49), निवासी बकपुरा ने थाना कोतवाली में आवेदन देकर बताया कि कटरवाला खेत, बगाज माता के पास स्थित बकपुरा के खेत में मवेशी घुसने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान गांव के ही निवासी राघवेन्द्र सिंह सोलंकी, अनिल प्रताप सिंह सोलंकी, अभय प्रताप सिंह सोलंकी और अजय सिंह सोलंकी ने एकजुट होकर उरसाब सिंह पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
इलाज के दौरान उरसाब सिंह की मौत
मामले में थाना कोतवाली ने अपराध क्रमांक 811/25 दर्ज कर धारा 296A, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया था। इलाज के दौरान उरसाब सिंह की मौत हो जाने पर इसमें धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।
तत्काल चार विशेष टीमें गठित की गईं
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह ने तत्काल चार विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया था। टीमों ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की सहायता से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि दिनांक 10 दिसंबर 2025 को दो आरोपी अजय सिंह सोलंकी और अनिल प्रताप सिंह सोलंकी को उत्तर प्रदेश के महरोनी, जिला ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें- MP News: सीएम डॉ. मोहन यादव ने जल जीवन मिशन की समीक्षा की, मार्च 2027 तक लक्ष्य पूरा करने का लक्ष्य
फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक चंद्रजीत यादव, थाना प्रभारी कोतवाली उपनिरीक्षक बृजेंद्र सिंह घोष, चौकी प्रभारी खिरिया उपनिरीक्षक अंकित दुबे, चौकी प्रभारी देरी उपनिरीक्षक चंदन सहित पुलिस टीम के कई आरक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.