मंडला जिले के अंजनिया चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे 30 पर शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर की ओर से आ रहा एक ट्रक अंजनिया घाट के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। यह दुर्घटना रात करीब ढाई बजे माहिष्मति ढाबे के समीप हुई, जिससे हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के समय ट्रक घाटी वाले मोड़ से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि ढलान और तीखे मोड़ के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक पलटते हुए सड़क से नीचे जा गिरा। ट्रक के पलटते ही उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें ड्राइवर और क्लीनर फंस गए। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत हाइवे हेल्पलाइन 1033 को सूचना दी। सूचना पर हाइवे हेल्पलाइन की टीम, जिसमें पायलट लेखराम यादव, ईएमटी आनंद मार्को और हेल्पर सुरजीत शामिल थे। अंजनिया पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंची। केबिन में फंसे घायलों को निकालना आसान नहीं था, इसलिए मौके पर जेसीबी मंगाई गई।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से ट्रक के केबिन को काटकर ड्राइवर और क्लीनर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकालते समय दोनों घायल दर्द से कराह रहे थे और उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार की आवश्यकता थी। एंबुलेंस के माध्यम से दोनों को पहले अंजनिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें- ग्वालियर-चंबल अंचल ठंड से ठिठुरा, अभी और बढ़ेगी ठंड; इन सात जिलों में कोल्डवेव का अलर्ट
घायलों की पहचान ट्रक चालक सौरभ यादव उम्र 20 वर्ष और क्लीनर अर्जुन यादव उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
फिलहाल अंजनिया पुलिस मौके पर मौजूद रही और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटवाकर हाईवे को पूरी तरह बहाल कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र में नियंत्रण खोना दुर्घटना की वजह मानी जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.