चूरू जिले के सुजानगढ़ में परिवहन विभाग के एक निरीक्षक द्वारा ट्रक ड्राइवर से मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार डीटीओ कार्यालय में तैनात परिवहन निरीक्षक सुरेश कुमार बिश्नोई ने लाइसेंस जांच के दौरान एक ट्रक ड्राइवर के साथ कथित रूप से मारपीट की, जिससे ड्राइवर घायल हो गया। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।
लाइसेंस दिखाने को लेकर बढ़ी बहस
वायरल वीडियो में निरीक्षक और युवक के बीच ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। निरीक्षक युवक से लाइसेंस दिखाने को कहते हैं, जिस पर युवक जवाब देता है कि उसका लाइसेंस मोबाइल में है। युवक का यह भी आरोप है कि निरीक्षक ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि बहस के दौरान निरीक्षक ने युवक को अपनी ओर खींचा और सिर से हमला कर दिया। हमले में युवक की आंख के पास गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की।
घायल को अस्पताल पहुंचाया गया
मौके पर मौजूद कुछ लोग निरीक्षक से यह कहते सुनाई दिए कि युवक की आंख में गंभीर चोट लगी है। घायल युवक वीडियो में अपना मोबाइल वापस मांगते और अस्पताल ले जाने की गुहार लगाते नजर आया। बाद में मौजूद लोगों ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
जांच के आदेश, कार्रवाई का आश्वासन
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुजानगढ़ डीटीओ बजरंगलाल खीचड़ ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है और जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि परिवहन निरीक्षक दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.