रणथंभौर टाइगर रिजर्व के मध्य स्थित ऐतिहासिक रणथंभौर दुर्ग के मुख्य प्रवेश द्वार पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाघिन रिद्धि (टी-124) अपने दो शावकों के साथ अचानक वहां आ धमकी। बाघिन रिद्धि और उसके दोनों शावक दुर्ग के मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक दीवार पर बैठ गए, जिससे त्रिनेत्र गणेश मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं और दुर्ग भ्रमण पर आए सैलानियों में दहशत फैल गई।
करीब 15 से 20 मिनट तक बाघिन रिद्धि और उसके शावक प्रवेश द्वार के आसपास मौजूद रहे। इस दौरान बाघिन कभी दुर्ग के मुख्य द्वार के पास तो कभी सामने स्थित जोगी महल की दीवार पर चहलकदमी करती नजर आई। बाघिन और शावकों की मूवमेंट के चलते त्रिनेत्र गणेश के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं और दुर्ग भ्रमण के लिए आए सैलानियों को जोगी महल क्षेत्र में ही रोक दिया गया।
जैसे ही बाघिन और शावकों की मौजूदगी की सूचना जोगी महल पर तैनात वनकर्मियों को मिली, वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर श्रद्धालुओं व सैलानियों को सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया। इस दौरान रणथंभौर पार्क भ्रमण पर जाने वाले सैलानियों को भी सफारी से पहले ही जोगी महल क्षेत्र में बाघिन रिद्धि और उसके शावकों के दीदार हो गए, जिससे सैलानी खासे रोमांचित नजर आए।
ये भी पढ़ें: Dausa News: ईडी के दुरुपयोग के विरोध में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
करीब 15-20 मिनट तक चहलकदमी करने के बाद बाघिन रिद्धि अपने शावकों के साथ रणथंभौर के जोन नंबर तीन की ओर जंगल में चली गई। बाघिन और शावकों के जंगल में लौटते ही श्रद्धालुओं, सैलानियों और वनकर्मियों ने राहत की सांस ली। फिलहाल बाघिन रिद्धि और उसके शावकों की मूवमेंट जोन नंबर तीन के जंगल क्षेत्र में बताई जा रही है, जहां वन विभाग द्वारा उनकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
बाघिन और शावकों के जंगल में जाने के बाद ही वन विभाग ने त्रिनेत्र गणेश के श्रद्धालुओं और रणथंभौर दुर्ग भ्रमण पर जाने वाले सैलानियों को दुर्ग में आवाजाही की अनुमति दी, जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ।
गौरतलब है कि रणथंभौर दुर्ग टाइगर रिजर्व के बीचोंबीच स्थित है, ऐसे में यहां बाघों की आवाजाही आम बात हो गई है लेकिन इसी मार्ग से रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु और पर्यटक त्रिनेत्र गणेश के दर्शन व दुर्ग भ्रमण के लिए आते-जाते हैं, जिससे इस रास्ते पर टाइगर मूवमेंट के कारण लोगों की सुरक्षा को लेकर हमेशा खतरा बना रहता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.