टोहाना। शहर में लाखों रुपये की लागत से लगाई गई तिरंगा लाइटें खराब हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन इस मुद्दे पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
हरियाणा व्यापार मंडल के प्रधान मन्नू सिंगला, शहरवासी विजेंद्र और मनीष ने आरोप लगाया कि तीन साल पहले शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए तिरंगा लाइटें लगाने का टेंडर जारी किया था, लेकिन अब अधिकांश गारंटी पीरियड के भीतर ही खराब हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार को लाइटों की गारंटी के तहत बदलने या ठीक करने की जिम्मेदारी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बजाय, इन खराब लाइटों को उतारकर कूड़े में फेंक दिया जा रहा है। इसके कारण नगर परिषद को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। व्यापार मंडल और शहरवासियों ने मांग की है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जिम्मेदारी तय कर नुकसान की भरपाई की जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से सीएम नायब सैनी और स्थानीय निकाय मंत्री से मामले की विजिलेंस जांच करवाने और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की अपील की है। लोगों ने कहा कि शहर की सुंदरता बढ़ने के लिए इन्हें लगाया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव में यह खराब होने लगी।
इस बारे में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी और सचिव से संपर्क किया गया, लेकिन उनसे संपर्क हो नहीं पाया। वहीं एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और अगर लाइटें गारंटी पीरियड में खराब हुई हैं, तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.