सर्दियों में रसोई में गैस की खपत बढ़ जाती है, लेकिन कुछ आसान बदलाव अपनाकर आप इसे कम कर सकते हैं. खाना बनाने से पहले सामग्री तैयार रखना, बर्नर साफ रखना, ढक्कन लगाना, पानी की सही मात्रा डालना और सही बर्नर का चयन करना ऐसे छोटे-छोटे कदम हैं, जो गैस बचाने के साथ-साथ रसोई का काम भी जल्दी पूरा करने में मदद करेंगे.
सर्दियों में ठंड लगने पर कई घरों में गैस जल्दी खत्म होने की शिकायत होती है. ऐसा लगता है कि सिर्फ ठंड इसका कारण है, लेकिन असल में हमारी कुकिंग की आदतें भी गैस की खपत बढ़ा देती हैं. खाने बनाते समय छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर न केवल गैस बचाई जा सकती है, बल्कि रसोई का काम भी जल्दी पूरा होता है.

सर्दियों में सब्जियां, दूध या आटा अक्सर सीधे फ्रिज से निकालकर पकाया जाता है, जिससे गैस ज्यादा खर्च होती है. इसलिए खाना बनाने से कम से कम 30–45 मिनट पहले सामग्री को कमरे के तापमान पर आने दें. इससे खाना जल्दी पकेगा और गैस की बचत 10–15% तक की जा सकती है.

ठंडी और नम हवा की वजह से बर्नर के छेद बंद हो जाते हैं, जिससे लौ पीली या नारंगी दिखने लगती है और गैस बर्बाद होती है. इसलिए हफ्ते में एक बार टूथब्रश और साबुन के पानी से बर्नर की सफाई करें. हमेशा नीली लौ पर ध्यान दें, क्योंकि यह गैस की सही खपत और बर्तन की सफाई का संकेत है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सर्दियों में हवा ठंडी होने की वजह से खुले बर्तन की गर्मी जल्दी बाहर निकल जाती है. ऐसे में प्रेशर कुकर का इस्तेमाल सबसे सही रहता है, क्योंकि यह खुले बर्तन की तुलना में 70% तक गैस बचाता है. अगर कढ़ाई या पैन में खाना बना रहे हैं तो हमेशा ढक्कन लगाकर रखें. इससे खाना जल्दी पकता है और गैस की बचत भी होती है.

दाल, सब्जी या चावल बनाते समय अक्सर ज्यादा पानी डाल दिया जाता है, जिससे इसे उबालने और पकाने में बहुत गैस खर्च होती है. इसलिए सिर्फ उतना ही पानी डालें जितनी जरूरत हो. साथ ही दाल या चावल को आधा घंटा पहले पानी में भिगो दें. भीगे हुए अनाज जल्दी पक्कते हैं और गैस की बचत होती है.

अक्सर लोग गैस जलाने के बाद सब्जी काटते या मसाला ढूंढते हैं, जिससे गैस बेमतलब जलती रहती है. इसलिए खाना बनाने से पहले सभी सामग्री और मसाले पास रखें. इस तरीका को मिस-एन-प्लान तकनीक कहा जाता है. इससे कुकिंग में समय भी बचता है और गैस की खपत भी कम होती है.

घर में बड़े बर्नर का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल करना भी गैस बर्बाद करता है. छोटे बर्तन या छोटे बर्नर का इस्तेमाल ज्यादा फायदेमंद रहता है. बड़े बर्नर की लौ अक्सर बर्तन के किनारों से बाहर निकल जाती है, जिससे गैस हवा में चला जाता है. सही बर्नर चुनकर खाना जल्दी और कम खर्च में पकता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.