Last Updated:
Lemon Storage Tips: गर्मियों की दस्तक के साथ ही रसोई में नींबू की मांग भी बढ़ जाती है, लेकिन अक्सर 2-3 दिन में ही नींबू सूखकर सख्त हो जाते हैं या उनमें काले दाग पड़ने लगते हैं. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो महंगे नींबू फेंकने की जरूरत नहीं है. हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताएंगे. जिनसे आपके नींबू हफ्तों तक ताजे और रसदार बने रहेंगे. फ्रिज के अंदर और बाहर नींबू को स्टोर करने के ये आसान तरीके आपके बहुत काम आने वाले हैं.
गर्मी के मौसम में नींबू की जरूरत सबसे ज्यादा होती है, लेकिन यही वो समय है जब नींबू सबसे जल्दी सूखकर सख्त हो जाते हैं. अक्सर हम नींबू खरीदकर लाते हैं और दो-तीन दिन में ही उन पर काले दाग पड़ने लगते हैं. सही स्टोरेज न होने की वजह से इनका रस कम हो जाता है और छिलका सूख जाता है. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ बहुत ही आसान और सस्ते तरीके अपनाकर आप नींबू को हफ्तों तक वैसा ही ताजा और रसीला बनाए रख सकते हैं जैसा वे बाजार से लाते समय थे.

नींबू को कभी भी फ्रिज में खुला न छोड़ें, क्योंकि इससे उनकी नमी जल्दी खत्म हो जाती है और वे सिकुड़ने लगते हैं. नींबू को हमेशा किसी एयरटाइट डिब्बे या जिप लॉक बैग (Ziplock Bag) में भरकर रखें. इससे बाहर की सूखी हवा नींबू तक नहीं पहुंच पाती और वे लंबे समय तक ताजे बने रहते हैं. बस ध्यान रहे कि डिब्बे में रखने से पहले नींबू पूरी तरह सूखे हों.

यह नींबू को फ्रेश रखने का सबसे बढ़िया तरीका है. एक कांच या प्लास्टिक के जार में पानी भरें और उसमें नींबू डुबोकर फ्रिज में रख दें. पानी नींबू को सूखने से बचाता है और उनका छिलका हमेशा मुलायम बना रहता है. बस हर 2-3 दिन में जार का पानी बदलते रहें ताकि उसमें बैक्टीरिया न पनपें. गर्मियों के लिए यह तरीका रामबाण है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अगर आप नींबू को फ्रिज से बाहर रखना चाहते हैं, तो उन्हें पेपर टॉवल या अखबार के टुकड़ों में अलग-अलग लपेटकर किसी ठंडी जगह पर रखें. कागज नींबू की फालतू नमी को सोख लेता है और उन्हें सड़ने या फफूंदी लगने से बचाता है. यह तरीका उन लोगों के लिए बेस्ट है जो नींबू को प्राकृतिक रूप से स्टोर करना चाहते हैं.

नींबू को कभी भी किचन की खिड़की, गैस के पास या धूप वाली जगह पर न रखें. ज्यादा तापमान नींबू का रस सुखा देता है और उनका स्वाद भी बदल जाता है. हमेशा ऐसी जगह चुनें जहां हवा आती हो और सीधी रोशनी न पड़ती हो. सही तापमान नींबू की उम्र बढ़ा देता है.

अक्सर आधा नींबू इस्तेमाल करने के बाद बचा हुआ हिस्सा सूखकर खराब हो जाता है. कटे हुए नींबू के हिस्से पर थोड़ा सा नमक लगाकर उसे प्लेट पर उल्टा करके रख दें या किसी एयरटाइट छोटे डिब्बे में बंद कर दें. आप इसे प्लास्टिक रैप से ढंककर भी रख सकते हैं. इससे कटा हुआ नींबू 2-3 दिन तक इस्तेमाल के लायक बना रहता है.

स्टोर किए गए नींबू को हर 2-3 दिन में चेक करते रहें. अगर कोई नींबू हल्का सा भी नरम या खराब दिखे, तो उसे बाकी नींबूओं से तुरंत अलग कर दें. एक खराब नींबू बहुत जल्दी दूसरे नींबूओं को भी सड़ा सकता है. समय-समय पर छंटाई करने से बाकी नींबू सुरक्षित रहते हैं.

अगर आप नींबू को बहुत लंबे समय तक बाहर रखना चाहते हैं, तो उन पर हल्का सा नारियल या रिफाइंड तेल लगा दें. तेल की एक पतली परत नींबू की सतह को सील कर देती है, जिससे अंदर की नमी बाहर नहीं निकल पाती. इसके बाद उन्हें किसी ठंडी जगह पर रख दें, नींबू जल्दी नहीं सूखेंगे.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.