अल्मोड़ा: अक्सर आपने सुना होगा हरि तुलसी के उपयोग के बारे में, लेकिन क्या कभी आपने सूखी तुलसी के फायदे के बारे में जाना है. यदि नहीं तो यह रिपोर्ट खास आपके लिए. अगर आपकी भी तुलसी सूख चुकी है और आप उसकी डंडियों को फेंकने वाले हैं. तो रुक जाइए एक बार जान लीजिए उसके यह खास फायदे जो मंदिर पूजा पाठ से लेकर आपके कपड़ों तक को सुरक्षित रखने वाले हैं.
सिर्फ हरी ही नहीं, सूखी तुलसी भी आपके काम की है. अक्सर लोग समझते हैं कि तुलसी का महत्व तभी तक है जब तक वह हरी-भरी रहती है, लेकिन हमारी परंपरा और पहाड़ों की जीवनशैली बताती है कि सूखने के बाद भी तुलसी उतनी ही उपयोगी और पवित्र रहती है. इसलिए जब घर की तुलसी सूख जाए, तो उसे फेंकने के बजाय सम्मानपूर्वक अलग रख लें, क्योंकि उसका उपयोग कई शुभ और घरेलू कार्यों में किया जा सकता है.

धार्मिक मान्यता के अनुसार तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप और भगवान विष्णु की प्रिय माना गया है. आचार्य निर्मल जोशी के अनुसार यदि तुलसी की सूखी लकड़ियाँ घर में रखी जाएँ और उनसे हवन या दीपक की बत्ती बनाई जाए, तो यह अत्यंत शुभ फलदायी माना जाता है. उनका कहना है कि तुलसी की बत्ती से किया गया दीपदान घर में सुख-समृद्धि, शांति और सकारात्मक ऊर्जा लाता है. यही कारण है कि सूखी तुलसी को कभी अपवित्र स्थान पर नहीं रखा जाता.

सूखी तुलसी की लकड़ियों का सबसे प्रमुख उपयोग हवन और पूजा में होता है. सबसे पहले सूखी लकड़ियों को साफ करके अलग रख लें. फिर विशेष अवसरों जैसे एकादशी, कार्तिक मास या किसी मांगलिक कार्य में हवन सामग्री के साथ इसका प्रयोग करें. मान्यता है कि तुलसी की लकड़ी जलाने से वातावरण शुद्ध होता है और घर का माहौल पवित्र बना रहता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आयुर्वेद में तुलसी को औषधीय पौधा माना गया है. सूखी तुलसी की पत्तियाँ भी उतनी ही लाभकारी होती हैं. इन्हें चाय या काढ़े में मिलाकर सेवन करने से सर्दी-खाँसी, गले की खराश और हल्के बुखार में राहत मिलती है. पहाड़ों में आज भी बुजुर्ग सूखी तुलसी को धूप में सुखाकर सुरक्षित रखते हैं और जरूरत पड़ने पर घरेलू उपचार के रूप में इस्तेमाल करते हैं. यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक मानी जाती है.

पहाड़ों में ग्रामीण लोग सूखी तुलसी की पत्तियाँ अनाज के डिब्बों या बोरी में रख देते हैं. लोकल 18 से बातचीत के दौरान ग्रामीण जानकी देवी बताती है, इसका तरीका बहुत सरल है पहले पत्तियों को अच्छी तरह सुखा लें ताकि उनमें नमी न रहे, फिर उन्हें कपड़े की छोटी पोटली में भरकर अनाज के बीच रख दें. इससे अनाज में कीड़े-मकोड़े कम लगते हैं. तुलसी की प्राकृतिक खुशबू कीटों को दूर रखने में मदद करती है और यह तरीका पूरी तरह सुरक्षित होता है.

ग्रामीण इलाकों में सूखी तुलसी की पत्तियाँ कपड़ों, खासकर ऊनी वस्त्रों के बीच रखी जाती हैं. इसे उपयोग करने के लिए साफ सूखी पत्तियों को कपड़े की थैली में रखकर अलमारी में रख दें. इससे कपड़ों में कीड़े नहीं लगते और उनमें हल्की प्राकृतिक सुगंध बनी रहती है. यह रासायनिक दवाइयों की तुलना में सुरक्षित और सस्ता उपाय है.

सूखी तुलसी का उपयोग केवल आस्था नहीं, बल्कि समझदारी और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है. इसे कभी कूड़े में नहीं फेंकना चाहिए. यदि तुलसी पूरी तरह उपयोग योग्य न रहे, तो उसे किसी पवित्र स्थान पर मिट्टी में दबा देना चाहिए. इस तरह हम अपनी परंपरा को भी निभाते हैं और पर्यावरण की रक्षा भी करते हैं. तुलसी चाहे हरी हो या सूखी, वह हर रूप में घर के लिए लाभकारी और शुभ मानी जाती है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.