Last Updated:
देहरादून. आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम वक्त बचाने के लिए अक्सर खाने-पीने की चीजों को फ्रिज में स्टोर कर देते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यह आदत सेहत पर भारी पड़ सकती है? आयुर्वेद और विज्ञान दोनों ही मानते हैं कि कुछ चीजों को फ्रिज में रखने से उनके रासायनिक गुण बदल जाते हैं, जो बॉडी में धीमे जहर की तरह काम कर सकते हैं.
महिलाएं अक्सर टाइम बचाने के लिए रात में ही आटा गूंथकर फ्रिज में रख देती हैं, ताकि सुबह ऑफिस या बच्चों के स्कूल के लिए टिफिन जल्दी तैयार किया जा सके, लेकिन ऐसा करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. फ्रिज की नमी और कम तापमान के चलते आटे में बहुत जल्दी ‘फर्मेंटेशन’ शुरू हो जाता है और इसमें खतरनाक बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जिससे पेट में गैस, एसिडिटी और पाचन संबंधी परेशानियां हो सकती हैं. ताजे आटे की रोटियां ही शरीर को ऊर्जा देती हैं, जबकि बासी आटे से बनी रोटियां सुस्ती और पेट में भारीपन पैदा कर सकती हैं.

आपको पके हुए केले को फ्रिज में नहीं रखना चाहिए ,यह सबसे बड़ी गलती है क्योंकि केला एक उष्णकटिबंधीय फल है जो ठंडे तापमान में बहुत जल्दी खराब होने लगता है. फ्रिज में रखने से इसका छिलका काला पड़ जाता है और इसके एंजाइम्स खत्म हो जाते हैं.फ्रिज का ठंडा तापमान केले के पकने की प्रक्रिया को रोक देता है, जिससे यह ठीक से पचता नहीं है और पेट में कब्ज और जहरीले तत्वों को बढ़ावा देता है.

फ्रिज में लहसुन को नहीं रखना चाहिए क्योंकि फ्रिज में रखने से इसमें बहुत जल्दी फंगस लगनी शुरू हो जाती है. फ्रिज में नमी ज्यादा होती है, इसलिए लहसुन अंदर से नरम और रबर जैसा हो जाता है. लहसुन में मौजूद औषधीय गुण खत्म हो जाते हैं और इसमें ‘मोल्ड’ पैदा होने लगता है, जो कैंसरकारी तत्वों को जन्म दे सकता है. इसे हमेशा सूखी और ठंडी जगह पर ही रखना चाहिए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

आप अदरक को फ्रिज में रखने की गलती न करें क्योंकि बाहरी त्वचा पर नमी जमा हो जाती है, जिससे इसमें फफूंद लगने का खतरा बढ़ जाता है. फ्रिज में रखा अदरक धीरे-धीरे गलने लगता है और इसमें जहरीले तत्व पैदा होने लगते हैं जो सीधे आपके लीवर और किडनी पर बुरा असर डाल सकते हैं. वहीं कहा जाता है कि अदरक की तासीर गर्म होती है, और फ्रिज की ठंडक इसके प्राकृतिक तेलों को सुखा देती है.

आलू को भी फ्रिज में कभी नहीं रखना चाहिए क्योंकि ठंडे तापमान में आलू में मौजूद ‘स्टार्च’ बहुत जल्दी ‘शुगर’ में बदल जाता है. माना जाता है कि फ्रिज से निकले हुए आलू को जब हम पकाते हैं या तलते हैं, तो इसमें ‘एक्रिलामाइड’ नामक हानिकारक रसायन पैदा होता है. यह रसायन कैंसर के खतरे को बढ़ाता है.आलू को हमेशा अंधेरे और हवादार जगह पर रखना ही बेहतर होता है.

कटा हुआ नींबू फ्रिज में नहीं रखना चाहिए क्योंकि ऐसा करने से इसका ऑक्सीडाइज्ड होना शुरू हो जाता है जो हानिकारक तत्व बनाता है. अगर आपके पास कटे हुए नींबू हैं तो आप इसका रस निकालकर आइसट्रे<br />में जमा कर रख लीजिए और बाद में इस्तेमाल कर लीजिए.

फ्रिज भोजन को लंबे वक्त तक सुरक्षित रखने का जरिया तो है, लेकिन यह भोजन के प्राकृतिक स्वाद और बनावट को बदल देता है. जब हम इन चीजों को कम तापमान पर रखते हैं, तो इनकी कोशिकीय संरचना टूटने लगती है. इससे खाने का पोषण मूल्य खत्म हो जाता है और इससे कोई भी फायदा नहीं होता है.

आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ शालिनी जुगरान बताती हैं कि आयुर्वेद के हिसाब से देखा जाए तो फ्रिज में रखा हुआ भोजन ‘तामसिक’ और ‘बासी’ श्रेणी में आता है. यह शरीर में ‘आम’ यानी विषैले तत्वों को बढ़ाता है. सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है कि हम मौसमी सब्जियों और फलों को ताजा ही खरीदें और सीमित मात्रा में लाएं. रसोई की चीजों को फ्रिज से बाहर रखकर आप न सिर्फ उनके स्वाद को बरकरार रख सकते हैं, बल्कि खुद को गंभीर बीमारियों से भी बचा सकते हैं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.