टिब्बी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी से 6.10 ग्राम हेरोइन और संदिग्ध दवाइयां बरामद की हैं, जबकि दूसरे आरोपी को अवैध देसी पिस्तौल के साथ पकड़ा गया है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने वार्ड 8, टिब्बी निवासी गुरमीत सिंह (42) को 6.10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कुछ संदिग्ध दवाइयां भी मिलीं, जिनके लिए उसके पास कोई वैध पर्ची नहीं थी। थाना प्रभारी हंसराज लूणा के नेतृत्व में पुलिस टीम बशीर पुलिस चौकी के पास चौराहे पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान गुरमीत सिंह पुलिस को देखकर तेजी से निकलने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर उसे रोका गया और नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गुरमीत के पास से हेरोइन और दवाइयां बरामद हुईं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद दवाइयां किस उद्देश्य से रखी गई थीं और उनका स्रोत क्या है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एसआई वेदप्रकाश को जांच सौंपी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में हेरोइन की आपूर्ति श्रृंखला और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। एक अन्य कार्रवाई में टिब्बी पुलिस ने मसानी के वार्ड 5 निवासी धन्नासिंह उर्फ धनिया को एक अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। एएसआई देवीलाल ने गश्त के दौरान चक 13 जीजीआर, मसानी की रोही में जीजीआर नहर के पटरे के पास उसे पकड़ा। धन्नासिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच एएसआई बूटा सिंह को सौंपी गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.