कानपुर देहात। छत्तीसगढ़ से गांजा खरीदकर कानपुर से लेकर नोएडा तक तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य बुधवार को बारा जोड़ टोल के पास पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने उनके पास से 18.70 लाख रुपये का 37.04 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से मिली जानकारी पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह लालपुर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, बारा चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह, एसआई नीरज शर्मा टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे मुखबिर की सूचना पर टीम ने बारा जोड़ स्थित बस स्टैंड के पास छापा मारा। टीम ने मौके से मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के रठे निवासी लवकुश चौहान, बादल सिंह व मथुरा के फतेहा थाना क्षेत्र के मोहल्ला शाही सराय कस्बा फरह निवासी सुधा को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के पास से 37.07 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 18.70 लाख रुपये है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग छत्तीसगढ़ से गांजा खरीदने के बाद कानपुर से लेकर नोएडा तक के जिलों में लोकल स्तर पर गांजा की तस्करी करने वालों को बेचते थे। वह लोग बारा जोड़ में स्थानीय तस्कर को गांजा की खेप देने आए थे मगर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से सभी को जेल भेजा गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों व स्थानीय स्तर पर गांजा की तस्करी करने वालों की तलाश की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.