भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। नानपुरा गांव के पास टूटी हुई पुलिया से गुजरते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया। इस हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से 3 किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। ये तीनों यूपी से अपनी धान की फसल बेचकर लौट रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया और हॉस्पिटल भिजवाया।
गुजरते वक्त अंधेरे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया
मृतकों की पहचान रावतपुरा सानी गांव निवासी झींगुरी सिंह राजपूत, बलवीर सिंह राजपूत और शिब्बू उर्फ शिवेंद्र सिंह राजपूत के रूप में हुई है। ये तीनों धान बेचने के लिए यूपी गए थे। मंगलवार देर शाम वे वापस लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे नानपुरा गांव के पास टूटी पुलिया से गुजरते वक्त अंधेरे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे नहर में पलट गया।
तीनों किसान ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए थे
हादसा रात के अंधेरे में हुआ, इसलिए किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। पास के खेतों में पानी दे रहे कुछ किसानों की नजर नहर में उल्टे पड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। पास जाकर देखा तो तीनों किसान ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए थे।ग्रामीणों ने तुरंत लहार पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही टीआई शिवसिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
फंसे ट्रैक्टर को हटाया गया
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से नहर के पानी में फंसे ट्रैक्टर को हटाया गया। इसके नीचे दबे तीनों किसानों के शव बाहर निकाले गए।ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने और पानी में डूबने से तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।पुलिस ने शवों को लहार सिविल हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है।बुधवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
ये भी पढ़ें- MP: सागर-झांसी NH 44 पर बड़ा सड़क हादसा, BDS के चार जवानों की मौत; कंटेनर से पुलिस वाहन की हुई थी टक्कर
पुलिया की तत्काल मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि नानपुरा के पास यह पुलिया लंबे समय से टूटी हुई है, लेकिन इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इसी कारण आए दिन ग्रामीण जान जोखिम में डालकर यहां से गुजरते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया की तत्काल मरम्मत की मांग की है। टीआई शिवसिंह यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसा पुलिया क्षतिग्रस्त होने और अंधेरे के कारण हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.