मिहींपुरवा। बलरामपुर से कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार तड़के नानपारा–लखीमपुर हाईवे पर बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। इससे तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है, जहां एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
बलरामपुर के पांच युवक कार से रविवार रात करीब 10 बजे नैनीताल स्थित बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए निकले थे। सोमवार तड़के लगभग तीन बजे ये नानपारा–लखीमपुर हाईवे पर झाला मोड़ से आगे गुजर रहे थे, तभी ममता मेडिकल के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए और वह पलटकर गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में ग्राम धुशाह निवासी अभिषेक शुक्ला (25), सिविल लाइंस निवासी दीपू वर्मा (18), तथा महाराजगंज तराई निवासी नितेश सिंह (19) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कोतवाली देहात निवासी अजय शर्मा के बाएं हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया है, जबकि बनकटवा निवासी लवकुश शर्मा को अंदरूनी चोटें आई हैं।
जालिम चौकी के पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर भेजा, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की और दोनों घायलों अजय व लवकुश को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहां, अजय की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक आनंद चौरसिया ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताई जा रही है।
नितीश सिंह।– फोटो : नितीश सिंह।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.