काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने फॉरवर्ड–बैकवर्ड लिंक पर तेजी से कार्रवाई करते हुए विदेशी तस्करों से जुड़े एक ड्रग सप्लाई मॉड्यूल के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से चार किलो हेरोइन, एक पिस्तौल मैगजीन सहित, पांच जिंदा कारतूस और नशा तस्करी से जुड़ी 3.90 लाख की नकद राशि बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में इस मॉड्यूल के तार विदेश में बैठे हैंडलर लखविंदर सिंह उर्फ बाबा लाखा से जुड़े पाए गए हैं। इसके अलावा, इस नेटवर्क का संबंध केंद्रीय जेल में बंद आरोपी दया सिंह उर्फ प्रीत सेखों से भी सामने आया है, जो पहले से ही नशा तस्करी के मामलों में जेल में बंद है। इस संबंध में पुलिस स्टेशन एसएसओसी, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही उनके और भी साथियों को गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। इसके अलावा इनकी निशानदेही से और भी रिकवरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ड्रग माफिया व उनके नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।