उमरिया के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 14 कैम्प में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक सूने मकान की दीवार तोड़कर भीतर प्रवेश किया और घर में रखी नकदी सहित सोने-चांदी के लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी मोहम्मद जीशान अंसारी उम्र 39 वर्ष, पिता मोहम्मद साबिर अंसारी, निवासी कैम्प वार्ड नंबर 14 उमरिया अपने परिवार के साथ पुश्तैनी मकान में निवास करते हैं और ऑटोमोबाइल व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। फरियादी ने पुलिस को बताया कि 25 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे वे अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ भरौली स्थित नए मकान चले गए थे। जाते समय घर का पिछला दरवाजा अंदर से बंद किया गया था, जबकि सामने के दरवाजे पर ताला लगाया गया था।
जब फरियादी बाद में अपने पुराने मकान लौटे और सामने का ताला खोलकर भीतर जाने का प्रयास किया, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। संदेह होने पर वे पीछे की ओर से घर में दाखिल हुए, जहां उन्होंने देखा कि पिछले दरवाजे की दीवार तोड़कर कुंदा उखाड़ दिया गया है। घर के भीतर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और दोनों कमरों में रखी आलमारियों के ताले टूटे हुए मिले।
पढ़ें: नाबालिग की संदिग्ध मौत पर भड़का रैकवार समाज, टीकमगढ़ एसपी कार्यालय का किया घेराव
परिजनों द्वारा सामान की जांच करने पर पता चला कि करीब दो लाख रुपये की नकदी के साथ सोना-चांदी के कई आभूषण गायब हैं। चोरी किए गए जेवरातों की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कैम्प इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चोरों के हौसले बुलंद हैं और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। फरियादी ने पहले परिजनों को सूचना दी, इसके बाद थाना कोतवाली पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 40/26 के तहत धारा 331(4) एवं 305(a) में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी प्रभात दिल्ली मदनलाल मरावी ने बताया कि प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.