पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ चोरी का आरोपी अमरजीत बैगा चंद घंटों के भीतर ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रविवार शाम आरोपी को चोरी के मामले में सोहागपुर पुलिस न्यायालय में पेश करने पहुंची थी। इसी दौरान वह पुलिस कर्मियों को चकमा देकर न्यायालय परिसर से फरार हो गया था। घटना को पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने गंभीरता से लेते हुए आरोपी की सुरक्षा में तैनात दो आरक्षकों हनुमान सिंह और मनोज बैगा को तत्काल निलंबित कर दिया था।
बताया गया कि दोनों आरक्षक आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए लाए थे, लेकिन लापरवाही के चलते आरोपी फरार होने में सफल हो गया। न्यायालय से आरोपी के भागते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल कोतवाली थाना और सोहागपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस को आशंका थी कि वह अपने घर पहुंच सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सिविल ड्रेस में पुलिस कर्मियों को आरोपी के घर के बाहर तैनात कर दिया गया। सोमवार तड़के जैसे ही आरोपी अपने घर जमुई पहुंचा, वहां पहले से मौजूद सिविल ड्रेस पुलिस कर्मियों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को सुरक्षित थाने लाया गया।
ये भी पढ़ें- महेश्वर में महामृत्युंजय शिव रथयात्रा में दिखा सुंदर नजारा, महाआरती से शिवमय हुआ नगर; देखें तस्वीरें
उल्लेखनीय है कि सोहागपुर थाना क्षेत्र के अनडहाई गांव में स्थित एक बंद पड़ी फैक्ट्री से कुछ दिन पहले लोहे के सामान की चोरी हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने रविवार सुबह अमरजीत बैगा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया था कि उसने फैक्ट्री से लोहे का सामान चोरी कर गोरतारा स्थित एक कबाड़ दुकान में बेच दिया है। फिलहाल आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.