भागलपुर में सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में दबंगों ने एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता की पहचान शौभा देवी के रूप में हुई है। घायल शौभा देवी ने बताया कि उनके पति मनोज कुमार ने शाहाबाद चौक के पास जमींदार नकुलदेव साह से एक कट्ठा जमीन की विधिवत खरीदारी की थी। जमीन पर मकान बनाकर वे लोग रह रहे हैं। आरोप है कि उसी जमीन पर बैकुंठपुर गांव के निवासी राजेंद्र साह, उनके बेटे नीरज कुमार और सूरज कुमार व उनके सहयोगी जबरन अवैध कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
पति और देवर को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी
पीड़िता ने आगे बताया कि जमीन को खाली कराने के लिए दबंगों ने पहले उनके पति और देवर को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, सुल्तानगंज थाना में झूठी प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी भी दी गई। इसी क्रम में बुधवार रात शौभा देवी सब्जी लेकर घर लौट रही थीं। तभी कबीरमठ बैकुंठपुर गांव के पास पहले से घात लगाए आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि राजेंद्र साह, उनके दोनों बेटा सूरज कुमार और नीरज कुमार समेत अन्य सहयोगियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान महिला को जमीन छोड़ देने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मारपीट में शौभा देवी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। आसपास के ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.