महाराजपुरा थाना पुलिस ने एक महिला की आत्महत्या के मामले में उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। महिला ने प्रेमी की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी जान दी थी। यह घटना बीते साल अगस्त माह में हुई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मालनपुर निवासी मोहर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बीते साल 11 अगस्त को उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि उनकी छोटी बहन आरती ग्राम ब्रह्माकुमारी आश्रम के पास बेहोशी की हालत में मिली है। आरती को मुरार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पड़ताल शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सल्फास के कारण मृत्यु की पुष्टि हुई, जिससे आत्महत्या की आशंका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच और तेज कर दी।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस महिला के ससुराल ग्राम लहचूरे का पुरा पहुंची। वहां महिला के पति सुनील जाटव और ससुरालजनों से पूछताछ की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला का पड़ोस में रहने वाले बंटी जाटव, निवासी लहचूरे का पुरा से प्रेम संबंध था और वह कुछ समय से उसी के साथ रह रही थी।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि बंटी उसे आए दिन शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर आरती ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी बंटी जाटव पिता हरचरण जाटव को गिरफ्तार कर लिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.