डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र के नेमीनाथ नगर में शनिवार रात एक सूने घर से अज्ञात बदमाश करीब 9 लाख रुपये के जेवर और 1.5 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार यह वारदात चड्डी-बनियान गिरोह के सदस्यों ने की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता पायल भोई ने बताया कि शनिवार को वह अपनी बेटी के साथ उदयपुर जिले के खेरवाड़ा में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए गई थीं। रविवार को पड़ोसी विनोद जोशी ने मोबाइल पर काॅल कर बताया कि घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना पर पायल रविवार दोपहर घर लौटीं। पायल का पति विदेश में काम करता है।
घर पहुंचने के बाद पायल ने वारदात की सूचना सागवाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक जानकारी लेने के बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक सीसीटीवी फुटेज में चड्डी-बनियान पहने लोग अंधेरे में आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उक्त फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
वारदात में बदमाश घर में एक आलमारी में रखे साढ़े 7 लाख रुपये की कीमत के पांच तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के जेवर और डेढ़ लाख रुपये चुरा ले गए। घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। इससे अनुमान लगाया गया कि बदमाश मुख्य दरवाजे से ही घर के भीतर घुसे। उन्होंने सारा सामान बिखेर दिया। घर सूना होने से इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.