हिसार। शहर में तीन दिन बाद रविवार दोपहर के समय हल्की धूप निकली, जिससे लोगों को कुछ देर के लिए राहत मिली। हालांकि यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी और बर्फीली हवाओं ने एक बार फिर ठिठुरन बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
रविवार को लगातार चौथे दिन कोहरा छाया रहा। दोपहर बाद सूर्य के दर्शन हुए। ठंड के कारण रविवार को अवकाश के बावजूद शहर की सड़कें सूनी सी जर आईं। पार्काें और बाजारों से भी रौनक गायब रही। शाम ढलते ही ठंड का असर दोबारा बढ़ने लगा। मौसम विभाग ने जिले में 5 से 7 जनवरी तक घने कोहरे, कोल्ड वेव और कोल्ड डे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
फसलों के लिए लाभदायक है मौसम
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस समय पड़ने वाली ठंड और हल्की धुंध गेहूं, सरसों सहित रबी की फसलों के लिए लाभकारी होती है। इससे फसलों की बढ़वार अच्छी होती है और कीट-पतंगों का प्रकोप भी कम रहता है। किसानों का कहना है कि यदि पाला नहीं पड़ता है तो यह मौसम फसलों के लिए बेहतर साबित होगा।
ठंड से बचाव के लिए बरतें सावधानी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। ठंडी हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह-शाम अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और गर्म तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ठंड से बचाने की जरूरत है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.