-पत्नी के साथ लड़ाई करके घर से निकला था व्यक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात को वजीरपुर मोड़ के पास सड़क किनारे लगे पेड़ पर एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार रात 11 बजे पुलिस को सूचना मिली तो पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घटनास्थल का एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम से निरीक्षण कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के दमोह निवासी कन्हाई बंसल (43) के रूप में हुई है। वह वजीरपुर में परिवार के साथ रहता था। उसके परिवार में पत्नी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं। कन्हाई बंसल एक फार्महाउस में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था और शराब पीने का आदी था। पिछले दो दिनों से ज्यादा शराब पीने की वजह से वह अपने परिवार वालों से लड़ाई-झगड़ा कर रहा था। इसके बाद वह घर से निकल गया था। मंगलवार की दोपहर को कन्हाई बंसल की पत्नी व उसके बड़े बेटे ने उसको बाजार में देखा तो घर चलने के लिए कहा। कन्हाई बंसल ने घर जाने से मना कर दिया। मंगलवार की रात को 11 बजे पुलिस को एक व्यक्ति द्वारा पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की तो मृतक की पहचान कन्हाई बंसल के रूप में हुई।
जांच अधिकारी गिरीराज ने बताया कि बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। मृतक कन्हाई बंसल शराब पीने का आदी था। मामले में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.