नारनौल। जिले में चार साल बाद वर्ष 2025 में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई लेकिन फिर भी नवंबर व दिसबंर सूखा रह गया। 2025 में जनवरी से अक्तूबर तक लगातार बारिश की गतिविधि दर्ज की गई। इसकी वजह से 962.72 एमएम बारिश रिकार्ड तोड़ दिया है।
अब 2026 में जनवरी में भी 10 एमएम से ज्यादा बारिश हो चुकी है जो रबी फसल के लिए फायदेमंद है। 2024 में 669.60 एमएम बारिश दर्ज की गई थी जबकि वर्ष 2025 में 962.72 एमएम दर्ज की गई है।
वहीं जुलाई में बीते पांच साल में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई जो 2021 से 2024 तक तीन से चार गुना ज्यादा थी। अब मौसम विभाग ने फरवरी माह के शुरूआत में भी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से बारिश की संभावना जताई जा रही है।
क्षेत्र में मुख्य तौर पर रबी फसल में सरसों व गेहूं की फसल उगाई जाती है। आमतौर पर फरवरी के अंत और मार्च माह में सरसों की कटाई शुरू हो जाती है, इस बार क्षेत्र में अक्तूबर के शुरूआत में अच्छी बारिश होने से सरसों की बिजाई समय पर हो गई थी जिसकी वजह से फसल भी अच्छी है।
हालांकि मंगलवार को हुई ओलावृष्टि ने किसानों के माथे पर जरूर चिंता की लकीर खींच दी है। पहले अक्तूबर और नवंबर माह में बारिश नहीं हुई इसके बाद जनवरी में हुई तो ओलावृष्टि से किसान चिंतित है। संवाद
वर्जन:
जिला महेंद्रगढ़ में सुबह से शाम तक आंशिक बादल वाही देखने को मिली। साथ ही साथ संपूर्ण जिला महेंद्रगढ़ में दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़त जारी है।-डॉ. चंद्र मोहन, मौसम विशेषज्ञ नारनौल
नारनौल के गांवों में हुई हल्की बूंदाबांदी, आज भी आसार
नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले में रविवार को सुबह कई जगहों पर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि जनवरी में मौसम में पश्चिमी विक्षोभों की श्रृंखला से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में बार-बार मौसम में बदलाव देखने को मिला।
वहीं फरवरी में के पहले सप्ताह में आमतौर पर मौसम परिवर्तन शील बना रहेगा। सोमवार को भी इस मौसम प्रणाली का असर रहेगा और पूर्वी और उत्तरी जिलों पर हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिलेगी।
साथ ही साथ इस मौसम प्रणाली से वातावरण में नमी में बढ़ोतरी होने से हरियाणा एनसीआर दिल्ली पर आने वाले तीन चार दिनों तक सुबह के घंटों संघन से अति सघन कोहरा देखने को मिलेगा। नारनौल और महेंद्रगढ़ का दिन और रात का तापमान क्रमश 21.2 व 6.5 और 22.4 व 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संवाद
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.