समस्तीपुर शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाली बूढ़ी गंडक नदी पर दूसरे पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वर्ष 1951 में बने 75 साल पुराने लोहे के पुल को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी स्थान पर 48 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई 176 मीटर होगी। यह पुल समस्तीपुर और दरभंगा जिले को जोड़ने वाली लाइफलाइन माना जाता है। नए पुल के निर्माण से मगरदही घाट (लचका पुल) पर लगने वाले लगातार जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बताया गया है कि पुल निर्माण में लगभग तीन वर्ष का समय लगेगा। पिछले वर्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान समस्तीपुर पहुंचकर इस पुल का जायजा लिया था और दूसरे पुल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की थी। बाद में राज्य मंत्रिमंडल से भी इसे मंजूरी मिल गई थी। इसके बाद से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही नया पुल बनकर तैयार होगा।
पढे़ं: एसकेएमसीएच के आईसीयू से बुजुर्ग मरीज रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस जांच में जुटी
वर्तमान में केवल एक ही पुल होने के कारण दोनों ओर अक्सर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। मगरदही घाट पर लगातार जाम लगने से सड़क हादसों की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। प्रस्तावित योजना के तहत मगरदही घाट पर एक बड़ा गोलंबर भी बनाया जाएगा, जिससे न केवल जाम की समस्या दूर होगी, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने दूसरे पुल के निर्माण की स्वीकृति दी थी। उसी के तहत पुराने लोहे के पुल को तोड़ा जा रहा है, जिसके बाद नए पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.