शेयर मार्केट में निवेश और आईपीओ अलॉटमेंट के नाम पर एक डॉक्टर से 3 करोड़ 4 लाख 82 हजार 800 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने प्रतिदिन 15-20 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम हड़प ली।
क्राइम ब्रांच से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोराबाजार थाना क्षेत्र के ए-40 राजुल टाउनशिप फेस-1, मंडला रोड तिलहरी निवासी डॉ. अहतेशम अहमद अंसारी (45) ने मामले में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि प्रियंका चिखलकर नाम की महिला ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश और आईपीओ अलॉटमेंट का झांसा देकर उनसे कुल 3 करोड़ 4 लाख 82 हजार 800 रुपये की धोखाधड़ी की।
पीड़ित के अनुसार 3 जनवरी को उन्हें फेसबुक पर एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का विज्ञापन दिखाई दिया। लिंक पर क्लिक करने के बाद वे वेल्थ ट्रेडिंग ग्रुप नामक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गए। ग्रुप में भेजी गई लिंक के माध्यम से उन्होंने एसीएमई ग्रुप नाम की एक एप डाउनलोड की।
ये भी पढ़ें: Mhow News: एयरगन से व्यवसायी के घर के कांच तोड़ने के बाद तनाव फैला, दो युवकों पर मामला दर्ज, पुलिस बल तैनात
ग्रुप एडमिन प्रियंका चिखलकर द्वारा लगातार शेयर मार्केट में निवेश के सुझाव दिए जाते थे। उनके कहने पर डॉ. अंसारी ने अपने एचडीएफसी बैंक, विजय नगर शाखा जबलपुर स्थित खाते से विभिन्न खातों में एनईएफटी और आरटीजीएस के माध्यम से राशि ट्रांसफर की। कुल मिलाकर उन्होंने 3 करोड़ 4 लाख 82 हजार 800 रुपये जमा किए।
आरोपी द्वारा एप में निवेश की गई राशि बढ़ती हुई दिखाई जाती थी, जिससे उनका भरोसा और पुख्ता हो गया लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो निकासी संभव नहीं हो पाई, तब उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर क्राइम शाखा आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.