मामावली गांव में घर में घुसकर तलवार और लाठियां लहराने तथा उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में कालंद्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और तीन लाठियां बरामद की हैं। घटना के महज 12 घंटे के भीतर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है।
रेवदर वृताधिकारी मनोज गुप्ता के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। कालंद्री थानाधिकारी गंगाप्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घरेड़ा (पीएस दाता, जिला बनासकांठा, गुजरात) निवासी कमलेश भाई पुत्र नोणाभाई गरासिया, जेतवास (पीएस अंबाजी, गुजरात) निवासी नोकाभाई पुत्र साबुराभाई गरासिया, धरेड़ा (पीएस दाता, गुजरात) निवासी लक्ष्मणभाई पुत्र मालाभाई गरासिया तथा भेसासिंह (पीएस आबूरोड रीको, जिला सिरोही) निवासी भावला पुत्र सोनाराम गरासिया को गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: ‘खेजड़ी आंदोलन की चिंगारी सुलगा रहे कुछ लोग’ केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी का दावा
पुलिस के अनुसार मामावली निवासी दलपत पुत्र ओबाजी पुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 3 फरवरी को शाम करीब 6 बजे आरोपी रतनाराम और उसके साथी उसके बड़े भाई अमृतलाल के मकान पर पहुंचे। आरोपियों ने बाहर से दरवाजा तोड़कर घर में अनधिकृत प्रवेश किया और तलवार व लाठियां लहराते हुए धमकी भरे अंदाज में इधर-उधर घूमते रहे।
घटना के समय अमृतलाल और उनका परिवार सूरत में कपड़ों के व्यवसाय के सिलसिले में गए हुए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आरोपियों ने घर के अंदर हथियार लहराते हुए वीडियो बनाया और उस पर गाना लगाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि आरोपी भविष्य में भी शिकायतकर्ता या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिए। मामले की जांच जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.