जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। हाइवे पर स्थित भारती रेस्टोरेंट के सामने खेत में लगे पंप पर अचानक करंट फैलने से 17 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने के लिए दौड़े पड़ोसी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।
मृतक की पहचान राहुल कुशवाहा, पिता मुन्ना कुशवाह के रूप में हुई है। घायल युवक राघवेंद्र कुशवाहा (56 वर्ष) भी उसी के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर दो बजे के करीब राहुल खेत में लगे पंप के पास अपनी गाड़ी धो रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई। जब बिजली वापस आई तो किसी को अंदेशा भी नहीं था कि एक झटका पूरे परिवार की खुशियां छीन लेगा। जैसे ही करंट सप्लाई शुरू हुई, राहुल पंप के संपर्क में था और वह तेज बिजली प्रवाह की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जोर से चीखा और जमीन पर गिर पड़ा। उसे तड़पता देख पास ही मौजूद राघवेंद्र कुशवाहा मदद के लिए दौड़े लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बिजली सप्लाई बंद कर दोनों को अलग किया। तब तक राहुल की सांसें थम चुकी थीं घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल राघवेंद्र को तुरंत चंदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Maihar News: जंगली हाथियों की दस्तक से गांव में फैली दहशत, ट्रैकर से हो रही निगरानी, वन विभाग अलर्ट
इस हृदय विदारक घटना से इलाके में शोक की लहर फैल गई है। राहुल परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। घर में मातम पसरा है और परिजन सदमे में हैं। कुछ ही पलों में एक हंसता-खेलता किशोर हमेशा के लिए खामोश हो गया।
चंदिया थाना प्रभारी जेएस परस्ते ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि करंट की चपेट में आने से एक युवक की मृत्यु हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा बिजली सप्लाई शुरू होने के दौरान लापरवाही या तकनीकी खामी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.