बाराबंकी। लॉर्ड्स बालाजी क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित अयोध्या कप राज्य स्तरीय लेदर बॉल बेसिक टीचर्स क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत मंगलवार को कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। दिन भर चले मैचों में टीचर्स इलेवन अयोध्या, सुल्तानपुर सुपर किंग्स, बेसिक इलेवन आगरा और प्रयागराज बेसिक टीचर्स ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
ग्राउंड-ए पर खेले गए पहले मैच में बेसिक इलेवन आगरा ने रूथलेस स्मैशर्स को 13 रनों से मात दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आगरा ने अनिल यादव (60) और गिरवर चाहर (33) की पारियों की बदौलत 20 ओवर में 172 रन बनाए। जवाब में रूथलेस स्मैशर्स की टीम अली (65) और असद फरीद (28) के संघर्ष के बावजूद 9 विकेट पर 159 रन ही बना सकी। आगरा की ओर से प्रीतेश राजपूत ने तीन विकेट लिए, जबकि अनिल यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसी मैदान पर हुए दूसरे मुकाबले में टीचर्स इलेवन अयोध्या ने मैनपुरी बेसिक को 14 रनों से हराया। अयोध्या के 127 रनों के जवाब में मैनपुरी की टीम 113 रनों पर सिमट गई। अंशुल तिवारी को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया।
ग्राउंड-बी पर हुए पहले मुकाबले में सुल्तानपुर सुपर किंग्स ने फर्रुखाबाद फाइटर्स को आसानी से हरा दिया। फर्रुखाबाद की टीम 106 रनों पर ऑलआउट हो गई, जिसे सुल्तानपुर ने प्रदीप यादव (नाबाद 45) की मदद से 15.5 ओवर में हासिल कर लिया। सुल्तानपुर के वीरू और धर्मेंद्र यादव ने तीन-तीन विकेट झटके। दिन के अंतिम मैच में प्रयागराज बेसिक टीचर्स ने मथुरा को 11 रनों से पराजित किया। प्रयागराज के विजय तिवारी (59) और विशाल प्रकाश (39) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम ने 187 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में मथुरा की टीम पवन परिहार के अर्धशतक के बावजूद 176 रन ही बना सकी। इस अवसर पर आयोजक सचिव लोकेश शुक्ला, आशीष कुमार श्रीवास्तव, प्रवीण सिंह, आलोक पाठक, विनीत सिंह और नित्यानंद सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.