दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) का पदभार संभालने के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने आज अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेका। उन्होंने गुरु घर में अरदास कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने उन्हें तेजा सिंह समुंद्री हॉल में विशेष रूप से सम्मानित किया। मीडिया से बातचीत में संधू ने श्री हरिमंदिर साहिब के साथ अपने परिवार की गहरी श्रद्धा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दरबार साहिब ने हमेशा उनके परिवार को आशीर्वाद और शक्ति प्रदान की है। संधू ने अपने दादा तेजा सिंह समुंद्री की ऐतिहासिक संघर्षों में निभाई गई भूमिका का भी जिक्र किया। संधू ने कहा कि वे गुरु घर की कृपा लेकर अपनी नई जिम्मेदारी निभाने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिस तरह तेजा सिंह समुंद्री और बिशन सिंह समुंद्री ने अमृतसर का नाम रोशन किया, उसी तरह वे भी पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि दिल्ली में कई चुनौतियां और मुश्किलें हैं। हालांकि, संधू ने इन चुनौतियों को अवसरों में बदलकर सफलता प्राप्त करने का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने दिल्ली के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को साथ लेकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.