भास्कर न्यूज | जालंधर शहर के कर्ण कनौजिया ने नेशनल स्कूल गेम्स कराटे अंडर-19 चैंपियनशिप में -50 किलो भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर पंजाब और जालंधर का नाम रोशन किया है। फाइनल मुकाबले में कर्ण को महाराष्ट्र के खिलाड़ी से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन फाइनल तक का उनका सफर कई शानदार जीतों से भरा रहा। कर्ण ने लीग मुकाबलों से लेकर प्री-क्वार्टर फाइनल, क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल तक लगातार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई। यह कर्ण का अंडर-19 वर्ग में पहला नेशनल मेडल है, जिससे परिवार और इलाके में खुशी का माहौल है। आबादपुरा की गली नंबर-3 में रहने वाले करण दोआबा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लाडोवाली रोड में 12वीं का स्टूडेंट हैं। पिता सुखई लाल कपड़े प्रेस करने का काम करते हैं, जबकि मां तंवारा हाउस वाइफ हैं। करन की इस जीत पर डीएम खेल अमनदीप कौंडल, डॉ. पंकज गोस्वामी व स्कूल प्रिंसिपल की तरफ से उसे बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रेक्टिस से पहले कपड़े प्रेस करना और डिलिवरी का काम कर्ण ने बताया कि उसका पूरे दिन का शेड्यूल तय है। सुबह 5 से 7 बजे गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में फिजिकल फिटनेस, सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक स्कूल, शाम 4 से 6.30 बजे तक वह पिता के सात कपड़े प्रेस करने का काम करता है और इसी दौरान साइकिल से प्रेस किए कपड़ों को डिलिवर करने और घरों से प्रेस करने के लिए कपड़े इकट्ठा करने का काम भी करता है। शाम 7 से 9 बजे तक कराटे अकादमी में ट्रेनिंग फिर रात में पढ़ाई करता है। करण ने बताया कि मेहनत और टाइम मैनेजमेंट ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। आर्थिक पक्ष से कमजोर होने के कारण वह पिता के साथ काम करता है जिससे डाइट का खर्च भी निकलता है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.