जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सर्किल मसिरा के आरएफ 382 के पास एक बाघ और एक बाघिन के संदिग्ध शव मिलने से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल डॉग स्क्वॉड सहित कई टीमें क्षेत्र में सघन सर्चिंग कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार रात को सबसे पहले एक बाघ का शव मिलने की सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ की। इसी दौरान सोमवार तड़के उसी स्थान के आसपास एक बाघिन का शव भी बरामद हुआ, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में एक-दूसरे से करीब 200 मीटर की दूर के अंतराल में पाये गए।
सूत्रों के अनुसार दोनों बाघों की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वन विभाग ने अभी इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- यूके में नौकरी करने वाला इंजीनियर बना ट्रेन का शातिर चोर! भोपाल स्टेशन कांड का हैरान करने वाला खुलासा
घटना की जानकारी मिलते ही डीएफओ तरुणा वर्मा भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि दो बाघों की मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किया जा सकेगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पीएम रिपोर्ट से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
फिलहाल वन विभाग की डॉग स्क्वॉड टीम, फील्ड स्टाफ और अन्य विशेषज्ञ दल क्षेत्र में सर्चिंग कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह प्राकृतिक मौत है या फिर किसी तरह की साजिश अथवा अवैध गतिविधि का मामला। इस घटना से वन्यजीव प्रेमियों और आम लोगों में भी चिंता का माहौल है। वन विभाग का कहना है कि जल्द ही जांच पूरी कर मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.