कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित पिपचो बाजार के पास गुरुवार देर रात एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिला। युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के बेको गांव निवासी 35 वर्षीय सुभाष राणा, पिता किशुन राणा के रूप में हुई है। पुलिस निरीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि यह घटना गुरुवार देर रात की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतक के परिजन भी वहां मौजूद थे
पुलिस को पिपचो बाजार के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक सुजीत कुमार, जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह और अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतक के परिजन भी वहां मौजूद थे।
पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि सुभाष अपने बहनोई गौतम राणा और एक-दो अन्य लोगों के साथ पिपचो बाजार में शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात पर उनके बीच मारपीट हो गई, जिसमें संभवतः सुभाष की हत्या कर दी गई।

पुलिस द्वारा घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन व उसकी बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।
सुभाष पेशे से ट्रक चालक था
ग्रामीणों के बयान के आधार पर मृतक के बहनोई गौतम राणा को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। सुभाष पेशे से ट्रक चालक था। गुरुवार को वह ट्रक लेकर बरही (हजारीबाग) गया हुआ था। इसी दौरान उसके बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। बच्चे को डॉक्टर के पास ले जाने के लिए सुभाष के आग्रह पर उसका बहनोई गौतम राणा, जो मरकच्चो के राजा रायडीह गांव का रहने वाला है, बेको आ गया था।
सुभाष भी अपना काम निपटाकर गुरुवार शाम अपने गांव पहुंचा। देर शाम वह अपने बहनोई और अन्य साथियों के साथ शराब पीने के लिए पिपचो चला गया था। इधर, पुलिस द्वारा मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसके पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस द्वारा घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन व उसके मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.